गर्मी की छुट्टियों में करना चाहते है पहाड़ों की सैर? बजट में बेस्ट है उत्तराखंड का ये लोकेशन
Last Updated:
Budget Trip For Summer Vacation : नैनीताल में हालिया तनाव और बढ़ते टैक्स के कारण पर्यटकों की संख्या में गिरावट आई है. गर्मी के मौसम में पीक सीजन के बाद भी होटलों में 20-50% छूट मिल रही है, जिससे यह गर्मी की छुट…और पढ़ें
नैनीताल के होटलों में मिल रहा 50 प्रतिशत तक का डिस्काउंट
हाइलाइट्स
- नैनीताल में होटलों पर 20-50% छूट मिल रही है.
- पर्यटकों की संख्या में अप्रत्याशित गिरावट आई है.
- नैनीताल में कम भीड़ और भारी छूट का डबल फायदा.
नैनीताल. 21 मई से देश के अधिकांश स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां शुरू हो रही हैं. अगर आप भी गर्मी की छुट्टियों में बच्चों के साथ कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो नैनीताल जाने का यही सही समय है. उत्तराखंड का यह लोकप्रिय हिल स्टेशन इस समय भारी छूट के साथ पर्यटकों का स्वागत कर रहा है. आमतौर पर अप्रैल से जून तक का समय नैनीताल में टूरिस्ट सीजन माना जाता है, जब लाखों सैलानी यहां की ठंडी वादियों का आनंद लेने पहुंचते हैं. लेकिन इस साल हालात कुछ अलग हैं.
हाल ही में नैनीताल में हुए सांप्रदायिक तनाव, भारत-पाक सीमा पर बढ़ते तनाव और शहर में पार्किंग-टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी का सीधा असर नैनीताल के पर्यटन पर पड़ा है, इस बार पर्यटकों की संख्या में अप्रत्याशित रूप से गिरावट दर्ज की गई है. नैनीताल होटल एसोसिएशन के अनुसार, इस बार टूरिस्ट सीजन के बावजूद होटलों की बुकिंग बेहद कम हो रही है, जिससे होटलों को 20% से 50% तक की छूट देनी पड़ रही है. वहीं वीकेंड पर पूरी तरीके से पैक रहने वाले नैनीताल में काफी कम भीड़ देखी जा रही है.
नैनीताल है सुरक्षित
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट का कहना है कि पर्यटन सीजन में होटल बुकिंग में भारी छूट दी जा रही है. नैनीताल पूरी तरह से सुरक्षित है, पर्यटकों की संख्या कम होने के चलते जाम जैसी परेशानियां भी नहीं हैं. ऐसे में ये समय नैनीताल आने और शांत वादियों में सुकून के पल बिताने का बेहतरीन मौका है.
पर्यटकों को होगा डबल फायदा
इस समय पर्यटकों के लिए यह डबल फायदा है एक तो कम भीड़ और दूसरा भारी छूट. नैनी झील, स्नो व्यू प्वाइंट, टिफिन टॉप जैसे शहर के प्रमुख पर्यटक स्थलों में भी बिना भीड़ भाड़ के पर्यटकों को आराम से घूमने का मौका मिल रहा है. स्थानीय बाजारों में भी भीड़ कम है, जिससे खरीदारी और घूमना-फिरना और भी आसान हो गया है.
इतना मिल रहा डिस्काउंट
नैनीताल के होटलों में लगभग 20 से 50 प्रतिशत का डिस्काउंट दिया जा रहा ही, अगर हम बीते सालों की बात करें तो, पिछले साल जो होटल रूम 7 हजार रुपये प्रति दिन तक में मिलता था, वह अब 3,500 से लेकर मात्र 5000 रुपये तक की रेंज में उपलब्ध है. यानी कम बजट में भी आप नैनीताल की खूबसूरती का लुत्फ उठा सकते हैं. ऐसे में अगर आप लंबे समय से नैनीताल जाने की योजना बना रहे थे लेकिन बजट आड़े आ रहा था, तो कम बजट में नैनीताल की वादियों में एक यादगार छुट्टी बिताने का ये शानदार मौका है.