नवज्योति/कोटा। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने गलत आचरण करने वाले शिक्षकों को चेतावनी देते हुए कहा, यदि कोई शिक्षक स्कूल में गलत आचरण व छेड़छाड़ मामलों में लिप्त मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई तो करेंगे ही साथ ही उसकी सम्पूर्ण प्रोपर्टी पर बुलडोजर भी चलवाएंगे। चाहे फांसी हो जाए लेकिन गलत व्यक्ति को नहीं छोडूंगा। अगर, कोई अधिकारी ऐसे शिक्षकों की पैरवी करेगा तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेंगे। शिक्षा मंत्री शनिवार सुबह महावीर नगर स्थित राजकीय बालिका स्कूल में साइकिल वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
निलंबन के साथ बर्खास्त भी करेंगे
मंत्री दिलावर ने कहा, विद्या के मंदिर में जब ऐसी घटनाओं के बारे में सुनते हैं तो बहुत बुरा लगता है। अगर शिक्षक ही ऐसा व्यवहार करेगा तो वह कैसा शिक्षक है? उन्होंने कहा, ऐसे किसी भी व्यक्ति को नहीं छोडूंगा। निलंबित करने के बाद उसे बर्खास्त करने तक की कार्रवाई तो करूंगा और प्रॉपर्टी पर बुलडोजर भी चलाऊंगा।
सिफारिश करने वालों को भी नहीं बख्शेंगे
समारोह में मंत्री ने नागौर के परबतसर की घटना का जिक्र करते हुए कहा, गणतंत्र दिवस पर एक शिक्षक शराब पीकर डांस कर रहा था, जैसे ही जानकारी मिली तो उसे तुरंत देर रात को ही निलंबित कर दिया है। अशोभनीय बर्ताव नहीं चलेगा, ऐसे लोगों की सिफारिश करना या हल्के में लेना, अपराध में शामिल होना माना जाएगा और उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेंगे।
