टी. रविकांत सीएम के अस्थाई प्रमुख सचिव, आनंदी सचिव

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपना अस्थाई प्रमुख सचिव आईएएस टी. रविकांत को बनाया है। इसके साथ ही आनंदी को सचिव और डॉ. सौम्या झा को अस्थाई संयुक्त सचिव बनाया है। मुख्यमंत्री के शुक्रवार को शपथ लेने के कुछ घंटों बाद ही कार्मिक विभाग ने इन तीनों के अतिरिक्त कार्यभार का यह पहला आदेश जारी किया। 

टी. रविकांत चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव, आनंदी सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के सचिव और डॉ. सौम्या आरजीएवीपी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद पर तैनात हैं। वर्ष 1998 बैच के आईएएस टी. रविकांत मूलरूप से आंध्रप्रदेश के रहने वाले हैं। वह छह जिलों बांसवाड़ा, हनुमानगढ़, भरतपुर, झुंझुनुं, कोटा और जयपुर के कलक्टर रह चुके हैं। इसके साथ ही जयपुर के संभागीय आयुक्त भी रह चुके हैं। अशोक गहलोत के मुख्यमंत्री काल में 2011 में उनके विशेष सचिव और वसुंधरा राजे कार्यकाल में वर्ष 2014 में उनके सचिव भी रह चुके हैं। वहीं 2007 बैच की आईएएस आनंदी मूलरूप से तमिलनाडु की रहने वाली है। वह पांच जिलों बूंदी, सवाईमाधोपुर, राजसमंद, उदयपुर और अलवर की कलक्टर रह चुकी हैं। वर्ष 2017 बैच की आईएएस सौम्या मूलरूप से मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं। वह कुछ समय के लिए भरतपुर में सहायक कलक्टर रह चुकी है। 

By admin

Leave a Reply