अजमेर। पुरानी मण्डी क्षेत्र स्थित सागर ज्वैलर्स के बीती रात को चोरों ने ताले तोड़कर करीब 35 लाख रुपए के गहने व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने वारदात में इलेक्ट्रिक कटर का भी इस्तेमाल किया है। सीसीटीवी मेंं तीन-चार चोरों का फुटेज दिखाई दिया है। कोतवाली थाना पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
चोरी की वारदात पुरानी मण्डी के सामने सेन्ट्रल गर्ल्स स्कूल के निकट स्थित सागर ज्वैलर्स में हुई है। संचालक रामगंज निवासी सागर गुप्ता ने बताया कि सुबह 6 बजे उनके पास फोन आया था कि उनकी दुकान का ताला टूटा व शटर ऊंचा है। चैक किया तो दुकान में रखे सोने-चांदी के गहने व नगदी नदारद थी। गुप्ता ने बताया कि चोरी गए माल का फिलहाल आकलन नहीं किया है। लेकिन मोटे तौर पर लगभग 30 से 35 लाख रुपए का सोना-चांदी व 40 हजार रुपए की नगदी चोरी होने का अनुमान है।
संदिग्धों की हो रही धरपकड़
पीड़ित ज्वैलर्स की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही थाना पुलिस की टीम व जिला स्पेशल टीम ने जांच करते हुए कुछ संदिग्धों की धरपकड़ की है। जिनसे पुलिस मामले में गहनता से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
