दस्तावेजों की जांच में फिर पकड़ा गया डमी अभ्यर्थी

अजमेर। आरपीएससी ने दस्तावेजों की जांच के दौरान एक और डमी अभ्यर्थी पकड़ा है। वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) परीक्षा-2022 में मूल अभ्यर्थी के स्थान पर डमी अभ्यर्थी द्वारा परीक्षा देने का मामला सामने आया है। आयोग ने मूल व डमी अभ्यर्थी के विरुद्ध सिविल लाइंस थाने में प्रकरण दर्ज कराया है। साथ ही डमी अभ्यर्थी को सिविल लाइंस थाने में सौंपने के साथ ही प्रकरण दर्ज करा दिया है। आयोग सचिव ने बताया कि  वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) परीक्षा-2022 के सामान्य ज्ञान एवं शैक्षणिक मनोविज्ञान की परीक्षा 22 दिसम्बर 2022 को थी। इसमें रोल नम्बर 1908734 अभ्यर्थी ओमप्रकाश पुत्र बाबूराम को आयोग ने उदयपुर शहर में परीक्षा केन्द्र 33-0007 राजकीय फतह सी.सै. स्कूल सूरजपोल के बाहर आवंटित किया था। आयोग ने रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि परीक्षा में मूल अभ्यर्थी ओमप्रकाश के स्थान पर भैराराम पुत्र सुजाराम विश्नोई (ईशरवाल) निवासी करावड़ी, तहसील व जिला सांचौर ने दो प्रश्नपत्रों की परीक्षाएं दीं। जांच में यह भी सामने आया कि मूल अभ्यर्थी ओमप्रकाश ने प्रवेश-पत्र में छेड़छाड़ कर भैराराम की फोटो चस्पा कर दी और परीक्षा भैराराम से दिलवाई।