देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून को एजुकेशन हब कहा जाता है. क्योंकि यहां कई नामी-गिरामी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी हैं. देश की कई दिग्गज हस्तियों ने देहरादून से पढ़ाई की है. देहरादून का डीएवी (पीजी) कॉलेज इसी कड़ी में एक बड़ा नाम है. ब्रिटिश काल में स्थापित इस कॉलेज की एलुमनी लिस्ट पर नजर डालें तो दो देशों के प्रधानमंत्री, कई मंत्री, सेना के अफसर और हिमालय की चोटी फतह करने वाली बछेंद्री पाल का नाम सामने आता है. आज भी इस कॉलेज में उत्तराखंड के अलावा कई बाहरी राज्यों के युवा पढ़ाई करने आते हैं. आइए देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज के इतिहास पर एक नजर डालते हैं.
डीएवी पीजी कॉलेज का पूरा नाम दयानंद एंग्लो वैदिक स्नातकोत्तर महाविद्यालय है. महात्मा हंसराज के निर्देशन में सबसे पहले डीएवी कॉलेज ट्रस्ट एवं प्रबंध समिति के प्रथम स्कूल की स्थापना 1 जून, 1886 को पाकिस्तान के लाहौर में हुई. इसके बाद इस संस्थान की स्थापना साल 1892 में एक रात्रिकालीन संस्कृत पाठशाला के रूप में मेरठ में की गई. साल 1904 में देहरादून के ठाकुर पूरन सिंह नेगी ने इस कॉलेज के लिए जमीन दान की, जिसके बाद संस्थान को मेरठ से देहरादून स्थानांतरित कर दिया गया. 1922 में इसे इंटरमीडिएट कॉलेज के रूप में शुरू किया गया और साल 1946 में यह डिग्री कॉलेज के रूप में संचालित होने लगा. 1948 में डीएवी महाविद्यालय के रूप में स्थापित हो गया.
ऐतिहासिक कॉलेज में नामचीन हस्तियों ने ली शिक्षा
डीएवी पीजी कॉलेज में कई नामचीन हस्तियों ने शिक्षा हासिल की है. यहां से पढ़े-लिखों की गिनती करें तो सिर्फ भारतीय ही नहीं, बल्कि दूसरे देशों के लोग भी यहां पढ़े हैं. इनमें मॉरिशस के पूर्व प्रधानमंत्री शिवसागर रामगुलाम और नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री लोकेंद्र बहादुर चंद का नाम प्रमुख है. देश की बात करें तो उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा, भारत सरकार के पूर्व मंत्री महावीर त्यागी, ब्रह्मदत्त, पूर्व भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल बीसी जोशी, एवरेस्ट पर कदम रखने वाली पहली महिला बछेंद्री पाल, वैज्ञानिक डॉ. फारुख शेख जैसे अनगिनत लोगों ने इसी संस्थान से शिक्षा हासिल की है.
ऐतिहासिक कॉलेज में नामचीन हस्तियों ने ली शिक्षा
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
FIRST PUBLISHED : July 09, 2022, 13:07 IST
