पहाड़ की महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहीं ‘बैणी’ रिद्धि, क्रोशिया को बनाया जरिया
तनुज पाण्डे/ नैनीताल. उत्तराखंड के नैनीताल की रहने वालीं रिद्धि ने एक अनोखी राह थामी है. एक ओर जहां इस उम्र में युवा प्रतिष्ठित नौकरी के लिए काम कर रहे हैं, वहीं रिद्धि ने ग्रामीण महिलाओं को क्रोशिया का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की ठानी है. बाकायदा इसके लिए उन्होंने शहर के चकाचौंध भरे जीवन को छोड़कर गांव के परिवेश को अपनाया. वह नैनीताल शहर की निकटवर्ती ग्रामसभा पंगोट मेंशिफ्ट होकर वहां की महिलाओं के साथ स्वरोजगार कर रही हैं. उन्होंने बताया कि वह महिलाओं को क्रोशिया से खूबसूरत स्वेटर, खिलौने, फूल, बैग्स आदि बनाना सिखाकर स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही हैं. नैनीताल के प्रतिष्ठित सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल सेपढ़ाई पूरी करने के बाद रिद्धि ने दिल्ली विश्वविद्यालय से सस्टेनेबल डेवलपमेंट में डिग्री ली. रिद्धि ने बताया कि जब वह स्कूल में थीं, तब से ही सोचा था कि पहाड़ की लड़कियों व महिलाओं के लिए कुछ करना है. यहीं वजह है कि वह पहाड़ की महिलाओं को आगे बढ़ाने के साथ ही गांव के विकास के लिए भी काम कर रही हैं.
रिद्धि बताती हैं कि वह बचपन से ही पहाड़ में पली बढ़ी हैं, जिस वजह से उन्होंने पहाड़ की महिलाओं के संघर्ष को काफी करीब से देखा है. महिलाओं के संघर्षपूर्ण जीवन के चलते वे गांव से बाहर नहीं जा पातीं. उन्होंने कहा कि क्रोशिया से चीजें बनाना एक ऐसा काम है, जिसमें महिलाएं खाली समय में घर पर बैठकर ही इसको कर स्वरोजगार कर सकती हैं. इससे उनकी कुछ आमदनी भी हो जाती है.
रिद्धि के ब्रांड का नाम ‘बैणी’
रिद्धि ने कहा कि वह पिछले एक साल से नैनीताल के निकटवर्ती ग्रामसभा पंगोट में रहकर ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित कर रही हैं. इसके साथ ही अपने बनाए सामानों को लोगों तक पहुंचाने के लिए उन्होंने अपना ब्रांड ‘बैणी’ बनाया है. इसका मतलब कुमाऊं में बहनों से है. उनके साथ 20 महिलाएं इस काम में जुड़ी हैं. उन्होंने बताया कि उनके समूह द्वारा बनाए गए क्रोशिया के सामान की शुरुआत 199 रुपये से होकर 3500 रुपये तक है. क्रोशिया के फूलों की कीमत 150 से लेकर 400 रुपये तक है. ईयरिंग्स की कीमत 199 रुपये और खिलौनों की कीमत 799 रुपये है. इसी तरह अन्य कई सामानों की कीमत अलग-अलग है.
ऐसे करें ऑर्डर
रिद्धि ने कहा कि उनके बनाए क्रोशिया के आइटम्स को खरीदने के लिए आप उनके इंस्टाग्राम पेज Baini Uttarakhand के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा नैनीताल और आसपास के कुछ स्टोर में भी वह अपने उत्पादों को बेचती हैं. उनके बनाए प्रोडक्ट भीमताल में रिट्रीट स्टोर, मोहिनी, द माउंटेन शॉप भीमताल में उपलब्ध हैं.
.
Tags: Local18, Nainital news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : December 7, 2023, 15:38 IST