पिथौरागढ़ में बसाया जायेगा नया शहर, नैनी सैनी के पास बनेगी न्यू सिटी, मिलेंगी यह खास सुविधाएं
हिमांशु जोशी
पिथौरागढ़. उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के ग्रामीण इलाकों की बंजर जमीन को विकसित करने के लिए राज्य सरकार यहां न्यू सिटी बनाने जा रही है. इसके लिए पिथौरागढ़ के नैनी सैनी इलाके को चुना गया है. यहां योजनाबद्ध तरीके से और सारी सुविधाएं मुहैया कराने के मकसद से नया शहर बनाने की योजना पर काम चल रहा है. इस क्षेत्र की बंजर पड़ी जमीनों का उपयोग कर के इस इलाकों को नई पहचान देना है.
पिथौरागढ़ के नैनी सैनी इलाके में एयरपोर्ट है, जहां से अब नियमित हवाई सेवा शुरू होने जा रही है. यह इलाका अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी जाना जाता है. पिथौरागढ़ के एडीएम फिंचाराम चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि राजधानी देहरादून और हल्द्वानी से विशेषज्ञों की टीम इस इलाके का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंची थी, जिसके बाद इस इलाके की 77 हेक्टेयर भूमि का चयन कर प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है, जिसमें चार गांव सम्मिलित हो रहे हैं. न्यू सिटी बनाने का मकसद क्षेत्र में विकास के आयाम को विकसित करना है.
पिथौरागढ़ शहर में लगातार बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए शहर के नजदीक नैनी सैनी में न्यू सिटी बनाने का निर्णय लिया गया है. नए शहर में लोगों को बिजली, पानी, सड़क, स्कूल, अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी. 77 हेक्टेयर भूमि जिसमें मढ़ गांव की 26.64, घुनसेरा गांव की 14.41, डुंगरीजोशी गांव की 21.55 और जीवी की 15.40 हेक्टेयर भूमि का चयन इस नए शहर को बसाने के लिए किया गया है.
यहां के स्थानीय निवासी और समाजसेवी मुकेश पंत ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि पिथौरागढ़ शहर पर लगातार आबादी का दबाव बढ़ता जा रहा है, जिससे आमजन को काफी दिक्कतें हो रही हैं. नैनी सैनी के नजदीक बन रही न्यू सिटी से यहां के इलाकों का विकास होगा. साथ ही देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधा मिल पाएंगी और पिथौरागढ़ का भविष्य पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी रहेगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Pithoragarh news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : December 19, 2022, 20:27 IST