पेंटिंग आर्टिस्ट राजेश्वरी कार्की बढ़ा रही हैं उत्तराखंड का सम्मान, खुद राज्यपाल भी कर चुके हैं तारीफ
Last Updated:
Bageshwar News: जिले की प्रतिभाशाली पेंटिंग आर्टिस्ट और रेडक्रॉस की वरिष्ठ सदस्य राजेश्वरी कार्की इन दिनों सुर्खियों में हैं. हाल ही में उनकी पेंटिंग की सराहना राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह…और पढ़ें
बागेश्वर: उत्तराखंड की धरती हमेशा से कला और संस्कृति की जननी रही है. इसी परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं, बागेश्वर जिले की प्रतिभाशाली पेंटिंग आर्टिस्ट और रेडक्रॉस की वरिष्ठ सदस्य राजेश्वरी कार्की, जिनकी कला की गूंज अब प्रदेश स्तर तक पहुंच चुकी है. हाल ही में उनकी बनाई एक विशेष पेंटिंग को राज्य स्तर पर स्वीप टीम द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में प्रस्तुत किया गया. इस पेंटिंग की सराहना स्वयं राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने की. जिससे कार्की का हौसला और बुलंद हुआ है.
हजारों में बिकती है पेंटिंग
राजेश्वरी कार्की ने अपनी कला यात्रा स्कूल के दिनों से ही शुरू की थी. दसवीं कक्षा से ही उन्होंने पेंटिंग ब्रश को अपने सपनों का साथी बना लिया और धीरे-धीरे उन्होंने इस क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई. शुरुआती दिनों में वह शौकिया तौर पर पेंटिंग करती थीं, लेकिन समय के साथ यह जुनून पेशेवर स्तर तक पहुंच गया. आज उनकी पेंटिंग हजारों रुपये में बिकती हैं.
डीएम भी कर चुके हैं उनकी कला की तारीफ
कार्की की पेंटिंग सिर्फ सजावट या शौक तक सीमित नहीं हैं. जिला स्तर पर होने वाले निर्वाचन अभियानों और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में उनकी कला का उपयोग लगातार किया जाता है. प्रशासनिक स्तर पर भी उनके योगदान को सराहा गया है. बागेश्वर के जिलाधिकारी आशीष भटगांई स्वयं उनकी प्रतिभा की तारीफ कर चुके हैं. वर्तमान में राजेश्वरी कार्की जिले के राइका वज्यूला विद्यालय में कला शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं. उनकी मेहनत और समर्पण के चलते विद्यालय में कला विषय की स्थिति अन्य स्कूलों की तुलना में कहीं बेहतर है. बच्चों को कला के प्रति प्रेरित करने और उनमें आत्मविश्वास जगाने का श्रेय भी उन्हें ही जाता है.
हर कला में है महारत
कार्की लगभग सभी तरह की पेंटिंग बनाने में माहिर हैं. चाहे वॉटर कलर, ऑयल पेंटिंग या स्केचिंग हो, उनकी पकड़ हर शैली पर मजबूत है. इसके साथ ही वह उत्तराखंड की पारंपरिक लोककला ऐपण को भी बेहद खूबसूरती से संजोती हैं. यही वजह है कि उनकी पेंटिंग्स में आधुनिकता और परंपरा का सुंदर मेल दिखाई देता है. राजेश्वरी कार्की की पेंटिंग्स बागेश्वर की कई स्टेशनरी दुकानों पर उपलब्ध हैं. लोग उन्हें विशेष ऑर्डर देकर अपनी पसंद के डिजाइन भी बनवाते हैं. पेंटिंग्स की कीमत आकार और डिजाइन के आधार पर तय की जाती है. इस तरह उनकी कला सिर्फ दीवारों की शोभा बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों की पहुंच तक भी सहजता से उपलब्ध है.
राज्यपाल भी कर चुके हैं तारीफ
मंडलसेरा क्षेत्र में निवास करने वाली राजेश्वरी कार्की अपने हुनर से न केवल बागेश्वर जिले बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन कर रही हैं. उनकी कला यात्रा उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है. जो अपनी रुचियों और सपनों को मेहनत और समर्पण के साथ जीना चाहते हैं. राज्यपाल से लेकर जिला प्रशासन तक की सराहना पाने वाली राजेश्वरी कार्की यह साबित करती हैं कि सच्चा हुनर कभी छुपा नहीं रहता. समर्पण और निरंतर प्रयास से कला की छोटी सी चिंगारी भी उजाले की मशाल बन सकती है.
न्यूज़18 हिंदी को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।