पेयजल-कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार का घेराव करेगी कांग्रेस 

जयपुर। शहर में पेयजल और कानून व्यवस्था खराब होने के आरोप लगाती जयपुर शहर कांग्रेस इसी महीने भजनलाल सरकार का घेराव करेगी। पीसीसी मुख्यालय में जयपुर शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बैठक में विधायक प्रत्याशी अर्चना शर्मा, गंगा देवी और पुष्पेंद्र भारद्वाज, जयपुर शहर कांग्रेस के वार्ड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, शहर कार्यकारिणी पदाधिकारी और अन्य कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे। शहर कांग्रेस संगठन महामंत्री सीताराम शर्मा नेहरू ने बताया कि जिलाध्यक्ष आरआर तिवाड़ी की अध्यक्षता में हुई बैठक में नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भजनलाल सरकार में जयपुर शहर में बदहाल पेयजल समस्या और खराब कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बात रखी।

सभी ने माना कि जयपुर शहर में गर्मियों में उन क्षेत्रों में भी पानी की व्यवस्था बदहाल हो गयी है, जंहा से मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री आते हैं। पानी के टैंकरों से सप्लाई की जा रही है। कई क्षेत्रों में कई दिनों में एक दिन तो कई जगह गन्दा पानी आ रहा है। सीएम और डिप्टी सीएम के क्षेत्र में ही बदहाल कानून व्यवस्था इस कदर है कि सरेआम लोगों का अपहरण, लूट जैसी वारदात सामने आ रही हैं। तिवाड़ी ने कहा कि पेयजल और कानून व्यवस्था के अलावा सरकार के इंग्लिश मीडियम स्कूल बंद करने जैसे फैसलों का भी जयपुर शहर कांग्रेस विरोध करेगी।

 

By admin

Leave a Reply