देहरादून. देश का प्रतिष्ठित विद्यालय ‘द दून’ (The Doon School) में एडमिशन लेने का हर किसी का सपना होता है. देश-विदेश के जाने-माने हस्तियों के बच्चों ने इस स्कूल से शिक्षा प्राप्त की है. बता दें, द दून एक ब्वॉयज बोर्डिंग स्कूल है, जिसमें सिर्फ छात्रों को ही एडमिशन मिलता है. वहीं अब ये बात सामने आ रही है कि जल्द ही इस स्कूल के दरवाजे छात्राओं के लिए भी खोले जा सकते है. इसकी जानकारी द दून स्कूल के चेयरमैन अनूप सिंह बिश्नोई ने मीडिया से बातचीत में दी है. बिश्नोई वन अनुसंधान संस्थान में आयोजित वैश्विक निवेशक सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंदन की ओर से को-एजुकेशन पर विचार किया जा रहा है. यदि स्कूल को को-एड बनाया जाता है तो छात्राएं भी यहां एडमिशन ले सकेंगी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अगले एक से दो साल के भीतर इस व्यवस्था को लागू किया जा सकता है. चेयरमैन ने कहा कि दून स्कूल एक खास वर्ग के लोगों का नहीं, बल्कि आम लोगों का स्कूल बनेगा. स्कूल नहीं चाहता कि स्कूल में केवल बड़े वर्ग के लोगों के बच्चे पढ़ें. आम लोगों के बच्चे भी स्कूल में पढ़ सकें, इसके लिए स्कूल ने अपने सिस्टम में बदलाव किया है. आने वाले दिनों में यह बदलाव धरातल पर देखने को मिल सकता है.
क्या 90 साल बाद होगा बदलाव?
छात्राओं के द दून स्कूल में एडमिशन को लेकर प्रबंधन की ओर से 90 साल बाद बदलाव देखने को मिल सकता है. स्कूल की स्थापना साल 1935 में की गई थी. उस समय स्कूल को भारतीय समाज के सभी वर्गों और देश के हर राज्य से लड़कों को आकर्षित करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया था. अब करीब 90 साल बाद कयास लगाए जा रहे है कि छात्राओं को भी जल्द इसमें प्रवेश मिल सकता है.
स्कूल से कई दिग्गजों ने प्राप्त की शिक्षा
बता दें, द दून स्कूल से कई दिग्गजों ने शिक्षा प्राप्त की है. यहां के पूर्व छात्रों में देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, संजय गांधी, पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, कलाकार अनीश कपूर, लेखक विक्रम सेठ, फैशन डिजाइनर तरुण ताहिलियानी, वरिष्ठ पत्रकार करन थापर, अभिनव बिंद्रा, एनडीटीवी के संस्थापक प्रणव राय और प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा जैसे लोग शामिल हैं.
.
Tags: Dehradun news, Doon University, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : December 13, 2023, 16:55 IST
