बस में चढ़ने के लिए यात्रियों में मची होड़, बसों में सीट के लिए हो रही ‘जंग’
पवन कुंवर/हल्द्वानी. स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां होने पर लोग पहाड़ों पर धूमने आ रहे हैं. वहीं, नैनीताल आने वाले पर्यटकों की संख्या भी बढ़ गई है. नैनीताल के लिए बसें (BUS) कम हैं, इसलिए यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है. भीड़ बढ़ने पर हर रोज निगम अतिरिक्त बसें भेज रहा है. नैनीताल की बस में सीट पाने के लिए अफरातफरी का माहौल हो रहा है, यात्री खिड़की से बस के अंदर घुसते दिख रहे है. घंटों तक सवारियों को परेशान होना पड़ रहा है.
यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए उत्तराखंड रोडवेज प्रबंधन के तमाम दावे गर्मियों के सीजन में बेपर्दा हो गए. यात्रा सुगम बनाना तो दूर यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए रोडवेज की बसें तक नहीं मिल रही हैं. हल्द्वानी के रोडवेज बस अड्डे में रोजाना पर्यटक नैनीताल की सैर के लिए देश के कोने-कोने से पहुंच रहे हैं. इनमें बच्चे,महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं, लेकिन बसों में सीट पाने के लिए सबको पसीना बहाना पड़ रहा है. बस के दरवाजे से इंट्री नहीं मिलने पर यात्री खिड़कियों से बस में सीट पाने कब्जाने को मजबूर हैं.
एक बस लगा रही तीन से चार राउंड
इधर, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, हल्द्वानी डिपो सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कई बसें चार धाम यात्रा रूट पर भेजी गई हैं. बसों की कमी होने से 1 बस तीन से चार राउंड नैनीताल शहर की हल्द्वानी से लगाती है. ऐसे में वीकेंड में यात्रियों की संख्या बढ़ने की वजह से दिक्कत आ रही है. अतिरिक्त बसें लगाकर पर्यटकों को सुविधा देने के प्रयास किए जा रहे हैं. अभी नैनीताल रूट पर 8 से 10 बसें चलाई जा रही है. बहरहाल जमीनी हकीकत पर्यटकों को परेशान करने वाली है और उत्तराखंड सरकार और परिवहन निगम है कि सब कुछ जानते समझते हुए भी मौन है.
.
Tags: Haldwani news, Local18, Uttrakhand
FIRST PUBLISHED : July 26, 2023, 18:26 IST