बागेश्वर के जिलाधिकारी का अनोखा अंदाज, स्कूल में बच्चों संग बैठकर खाया खाना
बागेश्वर. IAS अफसर अपने काम के तौर-तरीकों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं. इन दिनों उत्तराखंड के बागेश्वर के जिलाधिकारी आशीष भटगांई भी अपनी कार्यशैली को लेकर काफी चर्चा में हैं. उन्हें हाल ही में बागेश्वर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है. डीएम औचक निरीक्षण के लिए जिले के एक सरकारी स्कूल में पहुंच गए. यहां पहुंचकर उन्होंने छात्रों से व्यवस्थाओं का हाल जाना. बच्चों से करीब आधे घंटे तक बात की. इसके बाद जब उन्होंने जमीन पर बैठकर बच्चों के साथ मिड डे मील खाया, तो डीएम का यह अंदाज जिलेभर में चर्चा की विषय बन गया. भोजन से पहले डीएम ने बच्चों के साथ भोजन मंत्र भी पढ़ा.
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढूंगापाटली का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने विभिन्न कक्षाओं की व्यवस्थाओं के बारे में बच्चों से कई सवाल पूछे, जिनका बच्चों ने तपाक से जवाब दिया, जिस पर जिलाधिकारी ने खुशी जताई. इसके बाद वह बच्चों के साथ कतार में बैठे और भोजन मंत्र के बाद मिड डे मील खाकर उसकी गुणवत्ता की जांच की. इस दौरान बच्चों से भी बातचीत की. जिलाधिकारी ने मेन्यू के अनुसार प्रतिदिन भोजन बनाने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता न किया जाए. साथ ही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा. स्कूल में पढ़ रहे सभी बच्चों को गुणवत्ता शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए. इसके अलावा स्कूल की कक्षाओं और परिसर में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखना को कहा.
डीएम इसलिए पहुंच गए स्कूल
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने लोकल 18 से बातचीत में कहा कि वह धरातल पर जाकर कार्यों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना उचित समझते हैं, इसलिए वह खुद स्कूल पहुंच गए. स्कूल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि बच्चों को अच्छी गुणवत्ता की शिक्षा और भोजन मिल सके.
जिलाधिकारी के अंदाज की तारीफ
जिलाधिकारी आशीष भटगांई के सरकारी स्कूल जाकर बच्चों के साथ खाना खाने के उनके इस अंदाज की जिलेभर में तारीफ हो रही है. डीएम के इस अंदाज को देखकर एक बार फिर लोगों के मन से आवाज निकली, जिलाधिकारी हो तो ऐसा. कुछ ही दिनों पहले डीएम अपने एक और कार्य को लेकर खूब चर्चाओं में थे, जिसमें डीएम ने सुबह-सुबह धान के खेत में जाकर खुद पारंपरिक तरीके से धान काटे थे. उसके बाद अब दूसरी बार स्कूल में जाकर बच्चों संग खाना खाने को लेकर डीएम सुर्खियां बटोर रहे हैं.
Tags: Bageshwar News, Local18, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : October 21, 2024, 18:22 IST