भाई हाईस्कूल टॉपर तो बहन इंटर में 25वें नंबर पर, मिलिए इस पढ़ाकू जोड़ी से
Last Updated:
Uttarakhand Board Results: हल्द्वानी के रहने वाले जतिन जोशी और उनकी बहन प्रतिभा जोशी हरगोविंद सुयाल इंटर कॉलेज में पढ़ते हैं. उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट आते ही जोशी परिवार को बधाई देने वालों का तांता लग …और पढ़ें
भाई-बहन ने सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया.
हल्द्वानी. उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम घोषित हो गए हैं. हल्द्वानी के कुसुमखेड़ा स्थित हरगोविंद सुयाल इंटर कॉलेज के 10वीं के छात्र जतिन जोशी ने प्रदेश में टॉप किया है. जतिन ने हाईस्कूल की परीक्षा में 99.20 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. वहीं बागेश्वर के कमल सिंह चौहान ने भी 496/500 हासिल कर संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है. जतिन की बहन प्रतिभा जोशी ने भी इंटरमीडिएट की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 25वां स्थान हासिल किया है. भाई-बहन की इस दोहरी सफलता से परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है.
हल्द्वानी निवासी जतिन जोशी और उनकी बहन प्रतिभा जोशी हरगोविंद सुयाल इंटर कॉलेज के स्टूडेंट हैं. उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट आते ही जोशी परिवार को बधाई देने वालों का तांता लग गया. बोर्ड परीक्षा में अच्छा स्थान पाने वाले सभी छात्र स्कूल पहुंचे, जहां प्रिंसिपल, टीचर और अभिभावकों ने बच्चों को मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा किया. जतिन ने बताया कि वह इंजीनियर बनना चाहते हैं. भाई-बहन की जोड़ी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया. इस दौरान स्कूल पहुंचे उनके पिता भावुक नजर आए. उन्होंने शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को धन्यवाद दिया.
हाईस्कूल की छात्रा मनिका तिवारी ने पाया 21वां स्थान
हरगोविंद सुयाल इंटर कॉलेज की छात्रा मनिका तिवारी ने भी हाईस्कूल परीक्षा में 21वां स्थान हासिल किया है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और गुरुजनों को दिया. खुशी के इस मौके पर प्रिंसिपल ने कहा कि उनके स्कूल के छात्र हर साल बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट लिस्ट में जगह बनाते हैं. शिक्षकों की मेहनत, स्कूल का अच्छा प्रबंधन और छात्रों में अनुशासन ही इस सफलता का आधार है. बताते चलें कि हरगोविंद सुयाल इंटर कॉलेज हमेशा से अपनी गुणवत्ता और उपलब्धियों के चलते सुर्खियों में रहता है. यहां के स्टूडेंट मेरिट में जगह बनाते हुए आज अलग-अलग क्षेत्रों में मुकाम हासिल कर रहे हैं.
देहरादून की अनुष्का राणा ने किया 12वीं टॉप
बताते चलें कि हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में जतिन जोशी और कमल सिंह चौहान ने 99.20 प्रतिशत (496/500) अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रदेश में टॉप किया है. इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में राजधानी देहरादून की अनुष्का राणा ने 98.60 प्रतिशत (493/500) अंक पाकर टॉप किया. इस साल इंटरमीडिएट परीक्षा का कुल परिणाम 83.23 फीसदी रहा, जिसमें लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.20 और लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.10 रहा. हाईस्कूल का परिणाम 90.77 प्रतिशत रहा, जिसमें लड़कियों की सफलता दर 93.25 प्रतिशत और लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.20 रहा.