माड्साब कस्यां आऊं पढबा..स्कूल तो बण ग्यो तळाव..

पनवाड़। पनवाड़ क्षेत्र के लायफल गांव में हरिगढ़ पनवाड़ सड़क पर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में घरों से निकलने वाला गंदा पानी भरा होने से छात्र छात्राओं को स्कूल आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल आते समय बच्चो को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है जिससे कई बार ड्रेस तक गंदी हो जाती है,इसके लिए अभिभावकों ने कई बार प्रशासन को अवगत करवाया लेकिन समस्या का समाधान नही हुआ । लायफल गांव निवासी रवि राठौर,लेखराज सुमन,दुर्गाशंकर भील ,नरेश माली,सोनू माली सहित अन्य लोगों ने बताया कि हरिगढ़ पनवाड़ सड़क पर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में गांव के घरों से निकलने वाला गंदा पानी भरा होने से स्कूल में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और छात्रों को पढ़ाई कमरे तक जाने के लिए पत्थर डालकर निकलना पड़ रहा है। जिन पर इससे कई बार बालक फिसल कर गिर जाते है जिससे ड्रेस गंदी हो जाती है और वापिस घर जाना पड़ता है। यही नहीं छात्र छात्राओं को गंदे पानी के नजदीक ही कमरे में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है जिससे दुर्गंध आती है और मच्छर पैदा हो रहे है जिससे बच्चो में बीमारी फैलने का भी डर है। स्कूल परिसर में गंदा पानी जमा होने का मुख्य कारण है कि ग्राम पंचायत की ओर से गांव की नालियों की कई दिनों से सफाई नही होने के कारण इनका पानी ओवरफ्लो होकर बहता रहता है और एक सप्ताह से विद्यालय में भर रहा है जिससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में विद्यालय परिसर में बच्चे रोग बीमारी के बीच बैठ कर कैसे शिक्षा ग्रहण कर रहे है विभाग जब भी विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम संचालित करता है तो यह बताना भी भूलता की अपने घर और विद्यालय के आसपास पानी न जमा होने दे ऐसे में बच्चो के स्वास्थ्य पर विद्यालय में क्या असर पड़ रहा होगा इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

इनका कहना है
सड़क पर पानी भरा रहने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार तो ग्रामीण गिरकर चोटिल हो जाते है। समस्या का जल्द से जल्द निस्तारण होना चाहिए। 
– दुर्गाशंकर भील, ग्रामीण 

नियमित रूप से नालियों की सफाई नहीं होने से नालियां जाम हो जाती है जिस कारण पानी सड़क पर आ जाता है , सफाई व्यवस्था दुरूस्त होनी चाहिए। 
– लेखराज सुमन, लायफल निवासी

ऐसी स्थिति आज के दो वर्ष पूर्व भी आई थी, तब भी निजी सहयोग से छात्र छात्राओं को निकलने के लिए पत्थर मिट्टी डलवाए गए थे ओर वही स्थिति अभी बनी हुई हे इसके लिए अभिभावकों से मिलकर स्थानीय प्रशासन को अवगत करवा रखा है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नही हुआ ।
– धनराज, शिक्षक 

नाले में कचरा भरा होने के कारण गंदा पानी ओवरफ्लो होकर बह रहा है । एक दो दिन में सफाईकर्मियों से नाले की सफाई करवा दी जाएगी । 
– अर्जुन कुमार सुमन, लायफल पंचायत सरपंच