सिविल सेवा में जाने का है सपना.. तो यहां दे रहे फ्री कोचिंग, हर महीने 4 हजार रुपए का स्टायफंड भी


कमल पिमोली/श्रीनगर गढ़वाल.उत्तराखंड के पर्वतीए क्षेत्रों में कई ऐसे युवा है जो सिविल सेवा (Civil services) में जाना चाहते हैं. इसके लिए वे प्रयास भी करते हैं, लेकिन पर्याप्त मार्गदर्शन न मिलने व आर्थिक तंगी के कारण कई युवाओं का यह सपना बस सपना बनकर ही रह जाता है. ऐसे में अब पहाड़ के अनुसुचित जाति SC व अन्य पिछडा वर्ग OBC के लिए सिविल सेवा परिक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग दी जा रही है. जिससे कि ये युवा भी सबसे प्रतिष्ठित नौकरियों को करने में सक्षम हो सके.

अगर आप भी आईएएस, आईपीएस या अन्य किसी पद पर बतौर अधिकारी नौकरी करने के इच्छुक हैं और इसके लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, तो श्रीनगर गढ़वाल स्थित डॉ अम्बेडकर सेंटर ऑफ   एक्सलेंस आपके सपनों को पूरा करने में मदद कर सकता है. यहां छात्र यूपीएससी, यूकेपीसीएस की तैयारी कर सकते हैं. इस सेंटर में प्रोफेशनल शिक्षकों द्वारा छात्रों को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कराई जाती है.


डॉ अम्बेडकर उत्कृष्ठता केन्द्र DACE के समन्वयक प्रो0 एमएम सेमवाल जानकारी देते हुए बताते हैं कि भारत सरकार के समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के द्वारा बीते वर्ष से श्रीनगर गढ़वाल में अनुसुचित जाति के छात्रों को सिविल सेवा की कोचिंग देने के लिए सेंटर की स्थापना की थी. इस वर्ष से ओबीसी वर्ग के छात्र भी कोचिंग ले सकते हैं. यह उत्तराखंड का एकमात्र ऐसा कोचिंग सेंटर है जहां भारत सरकार के सहयोग से यूपीएससी की तैयारी कराई जाती है.

4 हजार प्रतिमाह स्टायफंड

बताया कि इसके लिए एससी व ओबीसी वर्ग के छात्रों को प्रवेश परीक्षा देनी होती है. जो भी छात्र परीक्षा उत्तीर्ण करता है उसके बाद उक्त छात्र के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन व स्क्रीनिंग के बाद ही कक्षाएं शुरू होती है. इस दौरान छात्र को प्रतिमाह 4 हजार रूपये की धनराशि भी दी जाती है. देश के 13 से अधिक केंद्रीय विश्वविद्यालयों में इस सेंटर की स्थापना की गई है. जहाँ छात्र निशुल्क कोचिंग ले कते हैं.

ऑनलाइन करें आवेदन

शुरूआत में इस योजना की जानकारी बहुत कम छात्रों को थी, लेकिन अब बड़ी संख्या में सिविल सेवा की परीक्षा की तैयारी करने वाले एससी, ओबीसी वर्ग के छात्र इस परीक्षा के लिए आवेदन कर रहे हैं और कोचिंग प्राप्त कर रहे हैं. प्रतिवर्ष इसके लिए प्रवेश परीक्षायें आयोजित की जाती है. Onlinehnbgu.ac.in की वेबसाइट पर छात्र इसके लिए आवेदन भी कर सकते हैं.

Tags: Civil Services, Hindi news, Local18, Upsc exam