रिपोर्ट – कमल पिमोली
श्रीनगर गढ़वाल.अगर आप पहाड़ की शांत वादियों में शास्त्रों का ज्ञान लेना चाहते हैं, तो देवभूमि उत्तराखंड आपके लिए उपयुक्त स्थान है. उत्तराखंड की तीर्थनगरी देवप्रयाग में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय (Central Sanskrit University) का परिसर स्थापित किया गया है. यह देशभर में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय का 13वां परिसर है. अलकनंदा व भागीरथी के संगम स्थल जहां गंगा का निर्माण होता है, उस देवप्रयाग में संस्कृत विश्वविद्यालय का यह परिसर बनाया गया है. 140 करोड़ रुपए की लागत से बने इस भव्य संस्थान में उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों से संस्कृत, शास्त्र, ज्योतिष विद्या पढ़ने के लिए बड़ी संख्या में छात्र पहुंचते हैं.
देवप्रयाग में स्थापित परिसर में पांच विभाग व्याकरण, ज्योतिष, साहित्य, वेद और न्याय की पढ़ाई होती है. संस्कृत विश्वविद्यालय का परिसर बनने से पूर्व यह संस्कृत महाविद्यालय था. वर्तमान में यहां विभिन्न विषयों में पारंगत शिक्षकों द्वारा प्रतिभाशाली छात्रों को शिक्षित किया जा रहा है. यहां स्नातक (शास्त्री) स्तर तक पारंपरिक विषयों के साथ-साथ आधुनिक विषय जैसे हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास और कंप्यूटर साइंस आदि भी पढ़ाए जा रहे हैं.
16 राज्यों के छात्र अध्ययनरत
संस्कृत केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर श्रीनिवास वरखेड़ी ने बताया कि देवभाषा के प्रसार व विस्तार के लिए उत्तराखंड के पहले संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना रघुनाथ कीर्ति परिसर देवप्रयाग (Raghunath Kirti Campus Devprayag) में की गई है. यहां छात्र विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं. यहां 600 छात्रों के रहने की व्यवस्था है. जल्द ही इसे बढ़ाकर 1000 किया जाएगा. संस्कृत समेत योग, शास्त्र से लेकर अन्य विद्याओं के अध्ययन के लिए वर्तमान में भारत के 16 राज्यों के छात्र यहां अध्ययनरत हैं.
कौशल विकास केन्द्र के साथ योग सेंटर
रघुनाथ कीर्ति परिसर देवप्रयाग में कौशल विकास केन्द्र का भी निर्माण किया गया है, ताकि छात्र अपनी तकनीकी क्षमता व व्यक्तित्व का भी विकास कर सकें. यहां देवप्रयाग के आसपास के छात्र भी अपने कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण ले सकते हैं. वहीं परिसर में इंटरनेशनल योग सेंटर का भी निर्माण किया गया है, जहां योग के प्रति रुचि रखने वाले छात्रों को बेहतर बनाया जा रहा है.
ऐसे लें प्रवेश
अगर आप भी अपनी उच्च शिक्षा संस्कृत से करना चाहते हैं और देवभूमि उत्तराखंड के रघुनाथ कीर्ति परिसर में प्रवेश लेना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको एनटीए द्वारा आयोजित सीयूईटी परीक्षा देनी होगी. कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) क्वालीफाई करने के बाद ही यहां एडमिशन मिलेगा. संस्कृत विश्वविद्यालय देवप्रयाग में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी इस टेस्ट के लिए निकलने वाली सूचना का ध्यान रखें.
.
Tags: Local18, Sanskrit language, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : February 26, 2024, 19:58 IST
