Last Updated:
CBSE 12th Results: कृतिका पांडे ने लोकल 18 से कहा कि वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहती हैं. उन्हें कोडिंग काफी पसंद है. वर्तमान में बच्चों को टेक्नोलॉजी के हिसाब से एडवांस होने की जरूरत है और वैसे भी AI का जमाना…और पढ़ें
कृतिका को मिठाई खिलातीं प्रधानाचार्य विनीता शेखर.
अल्मोड़ा. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE Results) ने मंगलवार को 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए. बीते दिन पहले 12वीं का रिजल्ट आउट हुआ और फिर कुछ देर बाद 10वीं का रिजल्ट भी घोषित कर दिया गया. उत्तराखंड के अल्मोड़ा के बच्चों ने भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है. शारदा पब्लिक स्कूल की 12वीं की छात्रा कृतिका पांडे ने स्कूल में टॉप किया है. उन्होंने 97.4 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. लोकल 18 से बातचीत में उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और परिवार को दिया.
कृतिका पांडे ने कहा कि स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ वह घर पर तीन घंटे पढ़ाई को देती थीं. उनके प्री-बोर्ड एग्जाम और टेस्ट में हर बार मार्क्स कम आते थे, पर उन्होंने अपना कॉन्फिडेंस नहीं खोया. 10वीं के प्री-बोर्ड में भी उनके कम नंबर आए थे लेकिन उनके टीचर और मम्मी-पापा ने उन्हें काफी सपोर्ट किया. उन्होंने परीक्षा से एक महीने पहले NCERT की किताबें पढ़ना शुरू किया, जिससे उन्हें काफी फायदा मिला. उनका मानना है कि किसी भी बच्चे को सफलता के लिए सबसे पहले अपनी जिंदगी में अनुशासित होना होगा, जिसके परिणाम भविष्य में सुखद ही होंगे. कृतिका ने कहा कि वह अपनी पढ़ाई के साथ-साथ सुबह जॉगिंग पर जाती हैं और योग भी करती हैं. मेंटल और फिजिकल हेल्थ को अच्छा रखने से आपका ध्यान बेहतर हो जाता है. उन्होंने अपने जीवन में इसका अनुभव किया है.
सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहती हैं कृतिका पांडे
कृतिका पांडे ने बताया कि उनके पापा आर्मी से रिटायर्ड हैं और वर्तमान में वह जनरल स्टोर चलाते हैं. उनकी मम्मी हाउसवाइफ हैं. उनके पिता का उन्हें काफी सपोर्ट मिला. वह समय-समय पर उनकी स्टडी पर फोकस कराया करते थे. पिता उन्हें केमिस्ट्री, फिजिक्स और मैथ्स में काफी मदद करते थे. वहीं मम्मी उनके खाने-पीने पर काफी ध्यान देती थीं. कृतिका ने कहा कि वह भविष्य में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहती हैं. उन्हें कोडिंग काफी अच्छी लगती है. आजकल के समय में बच्चों को टेक्नोलॉजी के हिसाब से एडवांस होने की जरूरत है और वैसे भी आजकल AI का जमाना आ चुका है. इसके लिए हर किसी को अपग्रेड होने की जरूरत है. उनका यह भी मानना है कि कई बार छात्र-छात्राएं 12वीं में कंप्यूटर साइंस छोड़ देते हैं. अगर वे इस सब्जेक्ट को लेते हैं, तो वे बहुत कुछ नया सीख सकते हैं.
