प्रिंसिपल पर महिला कर्मचारी ने लगाया रेप की कोशिश का आरोप, बोली- छात्राओं से भी करता है छेड़छाड़


पवन सिंह कुंवर

काशीपुर. उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले में इंटर कॉलेज प्रिंसिपल पर महिला कर्मचारी से रेप के प्रयास का आरोप लगा है. मामला शहर के एक इंटर कॉलेज का है. पीड़िता ने पुलिस को प्रिंसिपल के खिलाफ तहरीर दी है जिसमें कहा गया कि प्रधानाचार्य ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया. प्रिंसिपल ने उसपर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया. ऐसा न करने पर सैलरी रोकने की धमकी दी. बदनामी के डर से उसने यह बात किसी को नहीं बताई थी, लेकिन प्रबंधन ने उसको अस्थायी तौर पर कार्यमुक्त किया हुआ है तो आरोपी ने उसे मुंह न खोलने की धमकी देते हुए कहा कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वो उसे जान से मार देगा.

पुलिस ने पीड़ित महिला कर्मचारी की शिकायत पर आरोपों की जांच शुरू कर दी है. कॉलेज प्रबंधन और प्रिंसिपल के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है. खंड शिक्षा अधिकारी को इसकी जांच करने के आदेश दिए गए हैं. प्रबंधन ने तब तक के लिये आरोपी प्रिंसिपल को पद मुक्त कर दिया है.

महिला कर्मचारी का यह भी आरोप है कि प्रिंसिपल ने स्कूल में पढ़ने वाली तीन नाबालिग लड़कियों के साथ भी अश्लील हरकत की है. लोक-लाज के भय से वो सामने नहीं आ रही हैं.

दूसरी तरफ, प्रिंसिपल ने अपने ऊपर लगाये गये आरोपों को बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि स्कूल में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. यहां की हर हरकत कैमरे में कैद होती है. उन्होंने कहा कि वो लड़कियों को कभी भी अकेले अपने कार्यालय में नहीं बुलाते हैं.

इस मामले में काशीपुर की सीओ वंदना वर्मा ने कहा कि तहरीर के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर मुकदमा दर्ज जांच की जाएगी.

Tags: Attempted rape, Udham Singh Nagar News

By admin

Leave a Reply