नैनीताल में है उत्तराखंड का पहला कैथोलिक स्कूल, यहां से पढ़ चुकी हैं कई नामी हस्तियां


तनुज पाण्डे/ नैनीताल.देवभूमि उत्तराखंड अपनी अद्भुत छटा, संस्कृति, खानपान, रहन सहन के लिए जितना प्रसिद्ध है, उतना ही अपनी शिक्षा व्यवस्था और शिक्षण संस्थान के लिए भी पूरे देश में जाना जाता है. यहां कई नामी स्कूल और कॉलेज स्थित हैं, जिनमें ज्यादातर स्कूल, कॉलेजों का निर्माण अंग्रेजों द्वारा किया गया है. आज हम आपको उत्तराखंड के नैनीताल में स्थित एक ऐसे स्कूल के बारे में बताने जा रहे हैं, जो अपनी शिक्षा व्यवस्था के लिए पूरे देश में जाना जाता है. साथ ही यह ब्रिटिश समय में बना उत्तराखंड का पहला कैथोलिक स्कूल है. हम बात कर रहे हैं नैनीताल स्थित ‘सेंट जोसेफ कॉलेज’ की जिसे सैम के नाम से भी जाना जाता है. नैनीताल के प्रतिष्ठित सेंट जोसेफ कॉलेज की स्थापना साल 1888 में हुई थी. स्कूल बनने से पहले इस स्थान पर अंग्रेजों द्वारा बनाई गई धार्मिक पाठशाला थी, जिसे उस समय ‘सेमिनरी’ कहा जाता था. यही वजह है कि इस स्कूल को आज भी ‘सैम’ के नाम से जाना जाता है.

प्रसिद्ध इतिहासकार और सेंट जोसेफ कॉलेज के छात्र रहे प्रोफेसर अजय रावत बताते हैं कि साल 1888 में इस सेमिनरी को दार्जिलिंग से नैनीताल शिफ्ट किया गया था और यह सेमिनरी नैनीताल में साल 1890 तक चली. साल 1888 में ही वर्तमान स्कूल के स्थान पर जमीन खरीदी गई थी और स्कूल का निर्माण कार्य शुरू किया गया. इसे साल 1888 के बाद आयरिश ब्रदर एसोसिएशन कलकत्ता को सौंप दिया गया. साल 1925 में इस स्थान पर सेंट जोसेफ कॉलेज का निर्माण पूरा हुआ. इस स्थान पर स्कूल के निर्माण के साथ खेल के मैदान, डोरमेट्री, कक्षाएं बनाई गईं और इस स्कूल के पहले प्रिंसिपल फादर कटी को नियुक्त किया गया.

ओलंपिक में थे 6 खिलाड़ी

प्रोफेसर रावत बताते हैं कि सैम से कई नामी हस्तियों ने अपनी पढ़ाई पूरी की है. पूर्व केंद्रीय मंत्री केसी पंत, कमल पांडे, लेफ्टिनेंट जनरल जीएस रावत, लेफ्टिनेंट जनरल जमीर शाह और उनके भाई मशहूर फिल्म एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने यहीं से पढ़ाई की है. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि साल 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक में सैम से पढ़े 6 खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था. इसके साथ ही मशहूर भारतीय हॉकी टीम के गोलकीपर जेम्स जैस ने भी नैनीताल स्थित सेंट जोसेफ कॉलेज से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की है.

Tags: Hindi news, Local18

By

Leave a Reply