देहरादून. मोबाइल इंटरनेट के जमाने में आज की पीढ़ी चिट्ठी पत्रों को नहीं जानती है और न ही उन्हें डाक टिकट का ज्ञान है. ऐसे में अब स्कूली बच्चों को परंपरागत सूचना माध्यम से जोड़ने और उसके बारे में जानकारी देने के लिए भारतीय डाक विभाग एक कार्यक्रम चला रहा है. डाक विभाग कक्षा 6 से 9 तक के स्कूली बच्चों के लिए दीन दयाल स्पर्श योजना के तहत डाक टिकट कलेक्शन पर जोर देगा. देहरादून समेत उत्तराखंड के बच्चे इसमें भाग ले सकते हैं. इसमें क्विज प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की जाएगी और इसमें जीतने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को ₹500 प्रति महीना छात्रवृत्ति दी जाएगी.
उत्तराखंड की मुख्य पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए कहा है कि आज दीन दयाल स्पर्श योजना भारतीय डाक विभाग द्वारा चलाए जाने वाला ऐसी छात्रवृत्ति योजना है, जिसके तहत बच्चों को ₹6000 सालाना छात्रवृत्ति दी जाएगी. स्कूली बच्चों में फिलेटली के शौक को बढ़ावा देने के लिए यह योजना शुरू की गई है. क्योंकि डिजिटल युग में हमारे बच्चे मोबाइल और गेम्स में ही लगे रहते हैं. उनकी क्रिएटिविटी को बढ़ावा देने के लिए और जानकारी बढ़ाने के लिए इस पर काम किया जा रहा है. आज चिट्ठी -पत्रों का इतना उपयोग नहीं होता है. इसीलिए बच्चों को स्टैम्प- पोस्टकार्ड आदि के बारे में कुछ भी नहीं पता है. जबकि यह हमारे सूचना तंत्र की रीड़ की हड्डी माने जाते थे और हमें इनके योगदान को कभी नहीं भूलना चाहिए और आने वाली पीढ़ी को भी इसके बारे में बताना चाहिए. इसी के मद्देनजर यह योजना शुरू की गई.
छात्रवृत्ति के लिए योग्यता और प्रक्रिया
शशि शालिनी कुजूर ने बताया कि दीनदयाल स्पर्श योजना के तहत उन बच्चों को छात्रवृत्ति दी जाएगी, जो कक्षा 6 से कक्षा 9 के स्टूडेंट होंगे. उन्होंने बताया कि इसके लिए बच्चे के या तो फिलेटली डाक टिकट अकाउंट होना चाहिए या फिर स्कूल में उनका फिलेटली क्लब होना चाहिए. फिलेटली डाक टिकट अकाउंट में बच्चे के 200 रुपये जमा करवाये जाएंगे .इसके लिए कक्षा 6 से 9 तक के स्टूडेंट्स को डाक विभाग जाकर वहां से फॉर्म लेकर जमा करना होगा. इसके बाद छात्रों को क्विज कंपटीशन के लिए बुलाया जाएगा. क्विज प्रतियोगिता के जरिये हर कक्षा से 10- 10 मेधावी छात्रों का चयन किया जाएगा. वित्तीय वर्ष 2024-25 में छात्रों को प्रति माह 500- 500 रुपये छात्रवृत्ति दी जाएगी. फिलेटली डाक टिकट अकाउंट बनने के बाद डाक विभाग जब भी जब भी कोई नया डाक टिकट जारी करेगा तो उस स्टूडेंट को डाक के माध्यम से भेजा जाएगा ताकि वह इनका कलेक्शन कर सके.
FIRST PUBLISHED : October 13, 2024, 15:39 IST
