Almora: कार्की दंपति ने लिया देह दान का संकल्‍प, MBBS छात्रों की पढ़ाई के काम आएगा शरीर


रिपोर्ट- रोहित भट्ट

अल्मोड़ा. उत्तराखंड के अल्मोड़ा के जाखन देवी में रहने वाले दीप चंद्र सिंह कार्की और उनकी पत्नी दीपा कार्की ने ऐसा निर्णय लिया है, जिसने एक पल के लिए सभी को हैरान कर दिया. दंपति ने देह दान का संकल्प लिया है. दंपति के शरीर को मरणोपरांत सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज) को दिया जाएगा. इस समय दीप कार्की की उम्र 63 साल है. वह 18 साल तक अल्मोड़ा के राजकीय इंटर कॉलेज में अतिथि शिक्षक रहे हैं. वहीं, उनकी पत्नी दीपा कार्की 53 वर्ष की हैं और वह गृहिणी हैं.

दीप चंद्र सिंह कार्की ने News 18 Local से बातचीत में बताया कि करीब ढाई साल पहले से वह इस बारे में विचार कर रहे थे. उनकी इच्छा हुई कि उनके शरीर के अंगों को किसी को दे दिया जाए, लेकिन ऐसी सुविधा यहां नहीं होने के चलते उन्होंने देह दान का निर्णय लिया. साथ ही उन्‍होंने बताया कि जब मैंने इस बारे में अपनी पत्नी को बताया, तो पत्नी ने भी उनकी इस इच्छा से सहमति जताई. इसके बाद उन्होंने इस संबंध में कागजी कार्यवाही पूरी की.

बच्‍चों ने भी दिया साथ
दीप चंद्र सिंह कार्की और दीपा कार्की के तीन बच्चे हैं. जब दोनों ने बच्चों को अपने फैसले के बारे में बताया, तो उन्‍होंने भी माता-पिता के निर्णय पर रजामंदी जाहिर कर दी. हालांकि शुरुआत में उन्हें असहज महसूस हुआ, लेकिन अब बच्चे उनके फैसले से खुश हैं. वहीं, दीप चंद्र सिंह कार्की ने कहा कि उनके देह दान से अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में MBBS पढ़ने वाले छात्र मानव शरीर और सभी अंगों के बारे में और बेहतर तरीके से जान सकेंगे.

अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने कही ये बात
अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज ने इस संबंध में सभी कागजी कार्यवाही पूरी कर ली है. कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ सीपी भैसोड़ा ने दंपति के इस फैसले की सराहना की और उनका आभार जताया. वहीं, अल्मोड़ा जिले में भी दंपति के इस निर्णय को काफी सराहा जा रहा है.

Tags: Almora Medical College, Almora News

By admin

Leave a Reply