Almora News: महिलाओं की सुरक्षा घेरा हुआ और मजबूत, ‘चीता मोबाइल’ बना नारी शक्ति का कवच


अल्मोड़ा. उत्तराखंड पुलिस (Uttarakhand Police) महिला सुरक्षा को लेकर बेहद सक्रिय नजर आ रही है. इसी दिशा में अल्मोड़ा में महिला चीता मोबाइल की शुरुआत की गई है. इसकी शुरुआत अल्मोड़ा की नई एसएसपी रचिता जुयाल (IPS Rachita Juyal) द्वारा की गई है. नगर के लिए महिला चीता मोबाइल का गठन किया गया है. इसका सबसे ज्यादा फायदा उन छात्राओं और महिलाओं को होगा जो थाने नहीं जाना चाहतीं. वे अब अपनी समस्याएं महिला चीता कर्मियों को बता सकती हैं. जिसके आधार पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

एसएसपी रचिता जुयाल ने बताया कि जल्द ही जनपद के अन्य थानों में भी महिला चीता मोबाइल की नियुक्ति होगी. इसके अलावा उत्तराखंड पुलिस ऐप के अंतर्गत गौरा शक्ति पर भी महिलाओं और छात्रों की मदद पुलिस कर रही है.

अल्मोड़ा में पढ़ रही छात्रा निकिता रौतेला ने बताया कि पुलिस द्वारा यह जो अभियान चलाया जा रहा है, वह काफी सराहनीय है. इससे छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा और भी कड़ी हो जाएगी. उनका यह भी मानना है कि स्कूल और कॉलेज पर ज्यादा नजर रखी जानी चाहिए क्योंकि कई बार स्कूल और कॉलेज में अराजक तत्वों द्वारा छात्राओं के साथ छेड़खानी जैसे मामले सामने आते रहते हैं. इसको भी पुलिस ने संज्ञान में लेना चाहिए.

स्थानीय निवासी कोमल बताती हैं कि उत्तराखंड पुलिस की ऐप पर गौरा शक्ति फीचर लॉन्च किया गया है, पर अब महिलाओं की सुरक्षा के लिए अल्मोड़ा की पुलिस ने महिला चीता मोबाइल का भी गठन किया है, जिससे छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा और भी मजबूत हो जाएगी. इसके लिए उन्होंने अल्मोड़ा की एसएसपी रचिता जुयाल का धन्यवाद किया है.

महिला चीता मोबाइल टीम की सदस्य रीता ने बताया कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए यह पहल आने वाले समय में कारगर सिद्ध होगी. पुलिस की टीम सुबह और शाम गश्त कर रही है. इसके अलावा स्कूल और कॉलेज के बाहर भी चीता मोबाइल पैनी नजर बनाए हुए है. अगर कोई भी शिकायत मिलेगी, तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी.

ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|

FIRST PUBLISHED : March 13, 2023, 19:45 IST