भीमताल के इस वार्ड का रास्ता बेहद खतरनाक, दर्जनों परिवार परेशान, सड़क बनाने की मांग
रिपोर्ट- हिमांशु जोशी
भीमताल. उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भीमताल नगर पंचायत के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर दो शहीद मनोज नौगाई सार्वजनिक मार्ग जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुका है. यह पिछले काफी समय से खराब पड़ा है. इस मार्ग में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के गिरने का खतरा बना रहता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार नगर प्रशासन से मांग करने के बाद भी मार्ग की हालत नहीं सुधरी है और वे लोग रोज इस खराब सड़क से परेशान रहते हैं. उन्हें इस सड़क पर हादसों का भी डर बना रहता है.
स्थानीय निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने बताया कि शहीद मनोज नौगाई सार्वजनिक मार्ग पर पिछले तीन साल पहले सीसी मार्ग बना था, जिस पर अब जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं. बरसात के मौसम की वजह से मार्ग काफी क्षतिग्रस्त हो गया है. उन्होंने बताया कि इस रास्ते से सैकड़ों लोग रोजाना आवाजाही करते हैं. पिछले लगभग दो महीने से स्थानीय लोग इस रास्ते से बेहद परेशान हैं. यह रास्ता सोनगांव, धरियाल, सांगुड़ी गांव, भांकर को भीमताल नगर से जोड़ता है. स्थानीय लोगों की तरफ से नगर प्रशासन एवं जिला प्रशासन से पूरे मार्ग का जीर्णोद्धार करने की मांग की गई है.
भीमताल नगर परिषद के अधिशासी अधिकारी विजय बिष्ट ने ‘न्यूज 18 लोकल’ से बात करते हुए बताया कि इस मार्ग को लेकर संबंधित जेई से बात की गई है. इसके लिए एस्टीमेट बनाकर तैयार किया गया है और जल्द ही बैठक कर इसे स्वीकृत करवाया जाएगा, जिससे जल्द ही इस पर काम शुरू हो सके.
बताते चलें कि पहाड़ों की ज्यादातर सड़कें बारिश के मौसम में खराब हो जाती हैं. कुछ जगहों पर विभाग की ओर से पैच वर्क जरूर किया जाता है लेकिन बारिश में सड़क निर्माण का काम पूरी तरह से रोक दिया जाता है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Nainital news
FIRST PUBLISHED : October 06, 2022, 16:55 IST