Chardham Yatra: पीक सीजन के बाद घटने लगे श्रद्धालु पर क्यों? इधर बर्फ के बीच हेमकुंड साहिब यात्रा फिर शुरू


देहरादून/चमोली. तीन दिनों तक पहाड़ों में जमकर बारिश और फिर बर्फबारी के चलते रोकी गई हेमकुंड साहिब यात्रा एक बार फिर शुरू कर दी गई है. हालांकि यहां बर्फ जमी होने से ठंड बहुत बढ़ गई है. इधर, उत्तराखंड में मॉनसून आने के पहले ही चार धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या घटती हुई देखी जा रही है. 3 मई को शुरू हुई चार धाम यात्रा करीब एक महीने श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड नंबरों के लिए चर्चा में रही, लेकिन अब इन नंबरों में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज हो रही है.

पहले चार धाम यात्रा के नंबरों की ही बात करें तो बद्रीनाथ में प्रतिदिन आने वाले दर्शनार्थियों की संख्या 14,000 के आसपास रह गई है जबकि करीब डेढ़ हफ्ते पहले तक यहां 19,000 के आसपास लोग आ रहे थे. मसलन, रजिस्ट्रेशन के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 8 जून को यहां 18,926 यात्री पहुंचे थे, लेकिन 19 जून को 14,103 यात्री ही पहुंचे. यानी श्रद्धालुओं की संख्या में करीब 25% की साफ गिरावट दिखी. केदारनाथ में तो इन नंबरों में इससे ज़्यादा गिरावट दिख रही है.

केदारनाथ के आंकड़े देखें तो, 1 जून को यहां 16,748 श्रद्धालु पहुंचे थे, लेकिन 19 जून को यह नंबर 9424 रह गया यानी श्रद्धालुओं की संख्या में करीब 44% की कमी. इसी तरह, गंगोत्री में जून के पहले हफ्ते में औसतन 9000 और यमुनोत्री में करीब 7000 श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंच रहे थे, जबकि अब इन दोनों धामों में भी बमुश्किल 5000 श्रद्धालु प्रतिदिन आ रहे हैं.

क्यों घट रहे हैं श्रद्धालुओं के नंबर?
चार धाम में यात्रियों के कम पहुंचने के पीछे मौसम और छुट्टियां दो प्रमुख कारण हैं. चमोली की एसपी श्वेता चौबे के हवाले से एक खबर में कहा गया, ’26 मई से 8 जून तक यात्रा अपने चरम पर रही. अब नंबर घट रहे हैं क्योंकि एक तो बारिश का मौसम शुरू हो रहा है और स्कूल, कॉलेजों की छुट्टियां खत्म हो रही हैं.’ गौरतलब है कि उत्तराखंड में 25 जून के आसपास मॉनसून आने की संभावना के बीच 15 से 19 जून के बीच भारी बारिश के यलो अलर्ट का असर भी यात्रियों की संख्या पर दिखा.

हेमकुंड साहिब यात्रा फिर शुरू हुई
शनिवार ,रविवार, सोमवार को पहाड़ों में जमकर बारिश हुई, तो हेमकुंड साहिब में तीनों दिन बारिश के बाद बर्फबारी होने से यात्रियों को घांघरिया और गोविंद घट में रोक दिया गया था. धाम में 1 से 2 फीट तक बर्फ जमने के साथ ही कड़ाके की ठंड के बीच यात्रियों को मंगलवार सुबह मौसम साफ होते ही सिख श्रद्धालुओं के जत्थे हेमकुंड साहिब पहुंचे. यहां पहुंच रहे श्रद्धालु जून के महीने में बर्फबारी देखकर खासे उत्साहित भी हैं.

पंजाब, हरियाणा व दिल्ली से श्रद्धालु जून के महीने में अच्छी संख्या में हेमकुंड पहुंचे हैं. श्रृद्धालु कह रहे हैं ​कि जून में बर्फबारी होना अति दुर्लभ है. हालांकि हल्की बर्फबारी हेमकुंड साहिब की चोटियों पर ज़रूर होती रही है, लेकिन 2 फीट तक बर्फ दिखे, ऐसा कम ही होता है. इधर, बद्रीनाथ धाम में भी लगातार 3 दिन बारिश के बाद आज मंगलवार को धूप खिली.
(नितिन सेमवाल के इनपुट के साथ)

Tags: Char Dham Yatra, Hemkund Sahib Yatra, Weather news

By admin

Leave a Reply