कमल पिमोली/श्रीनगर गढ़वाल. देवप्रयाग विधानसभा के हाईस्कूल टॉपरों का भारत दर्शन शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आज से शुरू हो गया है. 80 से अधिक विधानसभा हाई स्कूल टॉपर कीर्तिनगर से देहरादून के लिए रवाना हुए. इनमें देवप्रयाग विधानसभा के सरकारी, गैर सरकारी स्कूलों के छात्र शामिल हैं. इन सभी छात्रों ने हाईस्कूल परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त किये हैं. आज कीर्तिनगर ब्लॉक से छात्रों का जत्था देहरादून के लिए रवाना किया गया.
इस दौरान विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, जिलाधिकारी टिहरी मयूर दीक्षित समेत शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया. आपको बता दें कि देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी जब पहली चुनाव जीत कर विधानसभा पहुंचे तो उन्होनें 2019 से छात्रों के अंदर पढ़ाई के प्रति रूची बढ़ाने को लेकर भारत भ्रमण कार्यक्रम की शुरूआत की. प्रत्येक वर्ष देवप्रयाग विधायक अपने निजी खर्च पर विधानसभा के हाई स्कूल टॉपरों को भारत दर्शन कराते हैं. इस बार 80 से अधिक छात्र भ्रमण पर निकले हैं.
जानें क्या है शेड्यूल ?
छात्रों का भारत भ्रमण कार्यक्रम वैसे तो 24 सितंबर से शुरू होना था, लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चुनावी ड्यूटी को देखते हुए एक दिन पहले 23 सितंबर से भारत भ्रमण कार्यक्रम शुरू किया गया. छात्र कीर्तिनगर से देहरादून के लिए रवाना हुए हैं. यहां देर शाम छात्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे. इसके बाद 24 सितंबर को वंदे भारत एक्सप्रेस से दिल्ली पहुंचेंगे.
24 सितंबर को पहुंचेंगे दिल्ली
यहां छात्र सबसे पहले नये संसद भवन, राष्ट्रपति भवन समेत अन्य ऐतिहासिक इमारतों और शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण करेंगे. इसके उपरांत छात्र यहां केन्द्रीय रक्षा मंत्री व सूचना एवं प्रसारण मंत्री से भी छात्र मुलाकात करेंगे. देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी व राष्ट्रपति से समय मांगा है. छात्र प्रधानमंत्री मोदी से भी संवाद करेंगे. 30 सितंबर तक चलने वाले छात्रों के इस शैक्षणिक भारत भ्रमण में छात्र बहुत कुछ सीखेंगे. जो उनके भविष्य निर्धारण में सहायता प्रदान करेगी.
सरकारी कार्यक्रम बनें ‘‘भारत दर्शन‘‘
देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि उनकी इस पहल को सरकारी कार्यक्रम घोषित करें इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज छात्र संवाद के दौरान मांग की जाएगी. विधायक कंडारी का मानना है कि अगर भारत दर्शन कार्यक्रम सरकारी कार्यक्रम बन जाता है तो इसका लाभ प्रदेश के तमाम छात्रों को मिलेगा.
भारत दर्शन के लिए छात्रों ने की मेहनत
भारत दर्शन के लिए रवाना हुए छात्रों में एक अलग तरह का उत्साह देखने को मिला. इनमें से कई ऐसे छात्र हैं जो आज तक देहरादून भी नहीं गये हैं. पहाड़ से मैदानों की ओर जाना इनके लिए अलग अनुभव है. अम्बिका बताती है कि जब वह 9 वीं कक्षा में थी तो उस दौरान ही मन बना लिया था कि उसे दसवीं कक्षा में टॉप करना है ताकि वह भी भारत दर्शन कार्यक्रम में प्रतिभाग कर सके. वहीं अन्य छात्रा का कहना है कि उसका लक्ष्य डॉक्टर बनना है, इस यात्रा के दौरान बहुत से बड़े संस्थानों में उन्हें बहुत कुछ सिखने को मिलेगा.
इस साल खुलेगा करियर काउंसलिंग सेंटर
देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि इस वर्ष से वो अपनी विधानसभा में प्रदेश का पहला करियर काउंसलिंग सेंटर खोलने जा रहे हैं, जहां छात्रों को भविष्य के लिए तैयार किया जा सके. उनकी रूचि के अनुसार उन्हें प्रशिक्षण और छात्रों की काउंसलिंग कराई जा सके. इसके लिए कई स्कूल भी उनके द्वारा चिन्हित कर लिए गये हैं. वहीं कार्यक्रम में पहुॅचे डीएम टिहरी मयूर दीक्षित ने इसे एक सराहनीय प्रयास बताया कहा कि इस तरह के प्रयास छात्रों में नई ऊर्जा भरती है.
.
Tags: Local18, Pauri Garhwal, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : September 23, 2023, 18:53 IST
