dehradun news: इको गलियारा देखकर आप गुनगुना उठेंगे ‘याद आ गया मुझको गुजरा जमाना’, जानें वजह
रिपोर्ट : हिना आज़मी
देहरादून. कोरोना काल में लोगों के रोजगार चले गए, जिसके बाद कई लोगों ने स्टार्टअप शुरू किया. देहरादून के रहने वाले दीपक कोठियाल ने भी देशभर में भ्रमण करने के बाद अलग-अलग राज्यों की कलाओं को एक मंच पर लाने के लिए एक कंपनी बनाई. इनकी खास बात यह है कि यह लकड़ी और बांस के उत्पाद ही बनाते हैं. जो खिलौने पुराने जमाने में हुआ करते थे, उन खिलौनों से सबकी यादें ताजा करते हैं. वे लट्टू, लकड़ी के बर्तन, गुड्डे-गुड़िया, रेलगाड़ी, गाड़ी, हैंगिंग पॉट समेत साज-सज्जा के भी काफी सामान बना रहे हैं.
देहरादून के रहनेवाले दीपक कोठियाल ने News18 Local को बताया कि वे कोरोना काल से पहले एक एनजीओ चलाते थे. लेकिन कोविड काल में फंडिंग बंद हो जाने के चलते उसे बंद करना पड़ा. इसके बाद वह इस बात को लेकर परेशान रहे कि अब क्या किया जाए क्योंकि कोई रास्ता उन्हें नजर नहीं आ रहा था. दीपक कोठियाल और उनके भाई ज्योति कोठियाल दोनों ने प्रदेश भर में घूम-घूमकर रिसर्च की और फिर इको गलियारा (Eco Galiyara) की नींव रखी.
आपके शहर से (देहरादून)
उन्होंने देखा कि देश के अलग-अलग राज्यों के छोटे कारीगर सुंदर-सुंदर चीजें बनाकर हस्तकला का बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं. उनके दिमाग में आइडिया आया कि क्यों न एक ऐसा मंच बनाया जाए, जिसमें इन कारीगरों के सामानों को हैंडलूम के शौकीनों तक पहुंचाया जाए. दोनों भाइयों ने मिलकर कंपनी शुरू कर दी और आज देशभर में कई प्रदर्शनियों में वह उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, असम, कर्नाटक, महाराष्ट्र जैसे राज्यों के कारीगरों के सामान बेचकर उन्हें भी आर्थिक रूप से मजबूत कर रहे हैं और खुद भी मजबूत हो रहे हैं.
दीपक कोठियाल ने बताया कि इको गलियारा कंपनी इसलिए बनाई गई कि हमलोग अपने रोजगार के साथ-साथ दूसरे के रोजगार को भी बढ़ाना चाहते हैं और इसी के साथ ही हमें उस पर्यावरण को भी बचाना है जिसने हमें वायु, पानी, भोजन समेत सब कुछ दिया है.
उनका कहना है कि अगर हम सभी इको फ्रेंडली चीजों का इस्तेमाल करेंगे, तो यह पर्यावरण जरूर बचेगा. दीपक की कंपनी के माध्यम से लोगों को वे लकड़ी के खिलौने देखने के लिए मिल रहे हैं, जो पुराने जमाने में हुआ करते थे. यानी अगर आप इन खिलौनों को देखेंगे, तो आपको आपका बचपन याद आ जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Dehradun news, Start Up, Wooden Toys
FIRST PUBLISHED : January 17, 2023, 16:44 IST