हिना आज़मी
देहरादून. उत्तराखंड की दून घाटी की वादियों की खूबसूरत फिजा में घूमने का हर कोई दीवाना होता है. देवभूमि उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों का दीदार करने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से ही नहीं बल्कि दुनियाभर से लोग आते हैं. पहाड़ों की रानी मसूरी का नजारा भी किसी जन्नत से कम नहीं होता इसीलिए पर्यटक बड़ी संख्या में यहां आते हैं. गर्मियां शुरु हो गई हैं और हर साल की तरह दिल्ली, हरियाणा, पंजाब जैसे अन्य राज्यों के पर्यटक देहरादून पहुंच रहे हैं. वैसे तो देहरादून में कई पर्यटन स्थल हैं लेकिन देहरादून का मशहूर पर्यटक स्थल मसूरी है, जहां लगभग पूरे साल पर्यटकों की भीड़ देखने को मिलती है.
भारी संख्या में पर्यटकों के आने से यहां ट्रैफिक जाम की समस्या भी बहुत होती है. इस बार गाड़ियों की आवाजाही ठीक करने के उद्देश्य से देहरादून यातायात पुलिस ने मसूरी का रूट प्लान तैयार किया है, जिसमें कई जगह रोड डायवर्ट और कई जगह वन वे बनाए गए हैं. अगर आप दिल्ली-यूपी से देहरादून होते हुए मसूरी जा रहे हैं, तो देहरादून यातायात पुलिस का प्लान जरूर देख लें.
देहरादून के एसपी ट्रैफिक अक्षय कोंडे ने जानकारी देते हुए कहा है कि लॉन्ग वीकेंड पर मसूरी क्षेत्र में देखा गया है कि लंबे जाम की स्थिति बन जाती है. इससे बचने के लिए अब देहरादून यातायात पुलिस प्लानिंग कर रही है. उन्होंने बताया कि पर्यटकों की आवाजाही आसानी से हो और किसी को दिक्कत ना हो, इसके लिए कई जगह रूट डायवर्ट किए गए हैं और वन वे भी बनाए गए हैं. उन्होंने बताया कि जैसे आईएसबीटी से आगे शिमला बाईपास पर एक डायवर्जन बनाते हैं, जिससे गुजरकर जीएमएस रोड होते हुए मसूरी जाया जाता है.
आपके शहर से (देहरादून)
उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी गूगल पर भी अपडेट की जाती है. उन्होंने बताया कि मसूरी में करीब 800 से 900 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था है लेकिन करीब 5000 वाहन मसूरी पहुंचते हैं. ऐसे में वाहनों की कतारें लग जाती हैं.
उन्होंने आगे बताया कि जब लाइनें बढ़ जाती हैं, तो स्प्रिंग रोड, जीरो पॉइंट का वन वे के तहत चयन किया गया है. उन्होंने बताया कि मसूरी के लिए दो हॉक पुलिस और नो पार्किंग में खड़े वाहनों को उठाने के लिए दो ट्रेनों की व्यवस्था की गई है और इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस की व्यवस्था भी की जाएगी. उन्होंने बताया कि जिस तरह से पर्यटक आ रहे हैं, तो यातायात प्लानिंग पर काम किया जा रहा है और तैयार किए गए इस रूट प्लान को 1 मई से 30 जून तक लागू किया जाएगा.
कैसा रहेगा मसूरी में ट्रैफिक रुट प्लान?
1- आईबीटी से होते हुए शिमला बाईपास और जीएमएस रोड से होते हुए मसूरी पहुंचा जा सकेगा.
2- देहरादून से सुवाखोली, धनोल्टी की ओर जाने वाले वाहनों को जेपी बैंड से राइट साइड भेजा जाएगा.
3- दून से लाल टिब्बा, पिक्चर पैलेस और चार दुकान की तरफ जाने वाली पर्यटक को को वाया किंगक्रेन से राइट साइड भेजा जाए.
4- केंपटी फॉल की ओर से आने वाली गाड़ियां वाया जीरो पॉइंट, लाइब्रेरी चौक होते हुए देहरादून की ओर रवाना की जाएंगी.
5- दून से जॉर्ज एवरेस्ट, केंपटी फॉल और हाथीपांव की ओर जाने वाले पर्यटको को गज्जीबैंड से वन वे होते हुए काला चौक से होकर हरनाम सिंह रोड जीरो पॉइंट से गुजरकर जाना होगा.
गर्मियों के सीजन में अगर आप पहाड़ों की रानी मसूरी घूमना चाहते हैं, तो देहरादून यातायात पुलिस प्लान को गौर से देखें और समझें वरना आपको परेशानी हो सकती है. हर साल की तरह इस साल भी मसूरी पर्यटकों से गुलजार होने वाला है. गर्मियां शुरू होते ही लोग यहां घूमने आने लगे हैं. इस साल पर्यटकों के मसूरी में ज्यादा आने की संभावना का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मसूरी के सभी होटल अभी से पैक हो चुके हैं.
मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने जानकारी दी कि बीते वीकेंड पर मसूरी शहर के होटल 100 फीसद पैक रहे और शहर के बाहर भी 80 फीसद पैक हुए.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Dehradun news, Mussoorie news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : April 12, 2023, 17:39 IST










