Nainital: आज माल रोड पर गाड़ियों को नो एंट्री, नैनीताल आ रहे पर्यटक देखें किस तरह बदला गया है रूट प्लान


नैनीताल. अगर इस वीकेंड पर आप नैनीताल आने का प्लान कर रहे हैं तो ये खबर आपके काम की है. नैनीताल में इस वीकेंड पर पुलिस ने ट्रैफिक का प्लान बदल दिया है. अर्जुन देव शहादत दिवस पर गुरुद्वारे सभा द्वारा नगर कीर्तन के चलते यह बदलाव किया जा रहा है. 4 जून यानी शनिवार को नैनीताल में इस प्लान के तहत कई मार्ग डायवर्ट किए जाएंगे तो दोपहर से शाम तक शहर के कुछ हिस्सों में वाहनों को एंट्री नहीं दी जाएगी. प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से व्यवस्था में सहयोग की अपील भी की है.

दरअसल गुरु अर्जुन देव सिंह जी की शहादत दिवस के अवसर पर सिख समुदाय नैनीताल में एक नगर कीर्तन का आयोजन कर रहा है. कीर्तन में नैनीताल के अतिरिक्त आस-पास के शहरों से भी काफी संख्या मे सिख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. कीर्तन गुरुद्वारा मल्लीताल से अपर माल रोड होकर तल्लीताल और फिर वापस अपर माल रोड होते हुए घोड़ा स्टैण्ड से मस्जिद तिराहा होते हुए गुरुद्वारे पर ही संपन्न होगा. दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक कीर्तन के दौरान झांकियां मालरोड पर निकाली जाएंगी. इस दौरान अपर माल रोड में वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा.

तो आप इस तरह पहुंचें नैनीताल
मालरोड में जुलूस के दौरान मल्लीताल से तल्लीताल को जाने वाले सभी वाहनों को राजभवन रोड होते हुए तल्लीताल डाट चौराहे पर निकाला जाएगा. इस दौरान ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था कुछ इस तरह रहेगी.

1- मल्लीताल से तल्लीताल को जाने वाले वाहनों को घोड़ा स्टैण्ड, मल्लीताल से गाड़ी पड़ाव, कोतवाली मल्लीताल, मस्जिद तिराहा, राजभवन रोड से फांसी गधेरा होते हुए तल्लीताल डाट चौराहा जाना होगा.
2- कालाढूंगी की ओर से तल्लीताल आने वाले ट्रैफिक को कालाढूंगी रूसी बाईपास से, हल्द्वानी रूसी बाईपास होते हुए हनुमानगढ़ी से तल्लीताल डाट लाया जायगा.
3- बारापत्थर की ओर से तल्लीताल जाने वाले ट्रैफिक को बारापत्थर से होली एंजल स्कूल, अयारजंगल कैम्प, शेरवुड कालेज से आल सेन्ट कालेज, राजभवन तिराहा से फांसी गधेरा होते हुए तल्लीताल डाट चौराहा लाया जाएगा.

Tags: Nainital Mallroad, Uttarakhand Tourism