हाइलाइट्स
27 सितंबर को सिक्स सिग्मा ने नॉर्वे के हेलिट्रांस कंपनी के सीईओ ओले क्रिश्चियन के साथ दिल्ली में करार किया.
इसके अलावा एडवेंचर स्पोर्ट्स, रेस्क्यू ऑपरेशंस, आपदा प्रबंधन और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाएगा.
रिपोर्ट : हिमांशु जोशी
नैनीताल. उत्तराखंड के मरीजों को जल्द ही एयर एंबुलेंस की सुविधा मिल सकेगी. दरअसल उत्तराखंड के कई क्षेत्र ऐसे हैं जहां एंबुलेंस का पहुचना मुश्किल है. ऐसे इलाकों में अगर एयर एंबुलेंस की सुविधा शुरू होती है तो यह बड़ी बात होगी.
बता दें कि उत्तराखंड राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में कई तरह की समस्याएं हैं, जिनमें स्वास्थ्य संबंधित दिक्कतें सबसे ज्यादा होती हैं. आज भी पहाड़ के कई गांवों में मरीजों को डोली में बिठाकर कई किलोमीटर तक ढोकर मुख्य सड़क तक लाया जाता है, ताकि उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जा सके. दरअसल कई इलाके ऐसे हैं जहां एंबुलेंस पहुंच नहीं पाता या उसे पहुंचने से काफी परेशानी होती है. जिन भी जगहों पर एंबुलेंस पहुंचने पर समय लगता है, उन जगहों पर अब हेलि सेवा के जरिए इलाज पहुंचाया जाएगा. इससे मरीजों को गोल्डन आवर इलाज मिल सकेगा.
गोल्डन आवर किसी भी मेडिकल इमरजेंसी के शुरुआती 60 मिनट की समय अवधि होती है, जिसमें सही इलाज मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है. गौर करने वाली बात है कि पहाड़ी क्षेत्रों में पहली बार हेलि सेवा को शुरू किया जाना है. बीते 27 सितंबर को सिक्स सिग्मा की तरफ से नॉर्वे के साथ करार किया गया है. नॉर्वे से 7 दिन की यात्रा में भारत आए एक दल की तरफ से इस समझौते को कंपनी का रूप दिया गया है. इस कंपनी को सिक्स सिग्मा हेल्थ केयर चलाएगा. इसी के साथ भारत में पहला हेलिकॉप्टर फ्लाइट स्कूल और हेलिकॉप्टर एंबुलेंस बेड़ा स्थापित होगा.
सिक्स सिग्मा हाई एल्टीट्यूड मेडिकल सर्विस के प्रबंध निदेशक डॉ प्रदीप भारद्वाज ने बताया कि हेलिकॉप्टर इमरजेंसी मेडिकल सर्विस के लिए नॉर्वे की हेलिट्रांस कंपनी के सीईओ ओले क्रिश्चियन के साथ उनकी कंपनी ने दिल्ली में समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं. उन्होंने बताया कि पहाड़ में सही समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं पहुंचने पर बहुत लोग दम तोड़ देते हैं, इसलिए पहाड़ों पर हेलि एंबुलेंस स्वास्थ्य सेवा का होना बेहद जरूरी है. इसके लिए नॉर्वे से डबल इंजन वाले तीन हेलिकॉप्टर लाए जाने हैं. हेलिकॉप्टर एंबुलेंस के साथ-साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स, रेस्क्यू ऑपरेशंस, रोड एक्सीडेंट बचाव, आपदा प्रबंधन और साथ ही धार्मिक पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Ambulance, Nainital news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : October 03, 2022, 19:36 IST
