देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी में पहली जुलाई की रात तीन मकानों में लूट की वारदात हुई. गोरखपुर चौराहे के इलाके में हुई घटना में तो परिवार को बंधक बनाकर हथियारों की नोक पर घर लूटा गया. इधर, तमंचे, बंदूक और नकली करंसी के एक तस्कर को कोर्ट ने 7 साल कैद की सज़ा सुनाई, तो नैनीताल के शेरवुड स्कूल के प्रधानाचार्य को ज़िला कोर्ट से राहत मिली. नैनीताल ज़िले में ही चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि रामनगर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों पर ही हाथ साफ कर दिया.
पहले राजधानी में लूट की वारदात की बात करें तो नकाबपोश लुटेरों ने तीन घरों में लूट को अंजाम दिया. थाना वसंत विहार के गोरखपुर इलाके में शुक्रवार देर रात करीब 2 से 3 के बीच कुछ लुटेरों ने एक परिवार को बंधक बनाकर घर लूट लिया. बताया जा रहा है कि हथियारबंद लुटेरों ने घर की महिलाओं व बच्चों को कमरे में बंद कर ज़ेवर आदि पर हाथ साफ कर दिया. पुलिस अब इन लुटेरों को तलाश रही है और ये कुल तीन आरोपी बताए जा रहे हैं.
यूपी के तस्कर को 12 साल बाद मिली सज़ा
लूट की अन्य दो घटनाओं में से एक बनियावाला के मकान में हुई तो एक और गोरखपुर चौराहे वाले इलाके में ही हुई. हालांकि इन घटनाओं में किसी बड़ी लूट का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन एक रात तीन लूटों से शहर की नींद तो उड़ी ही है. इधर, अवैध तमंचे, बंदूक और नकली नोटों की तस्करी के आरोप में शमीम अहमद को 7 साल की कठोर सजा सुनाई गई. यूपी के मुजफ्फरनगर के बताए जा रहे शमीम को 12 साल बाद सज़ा मिली है, जिसे 2010 में रायपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था.
शेरवुड स्कूल के स्टाफ को राहत
अमिताभ बच्चन जैसी हस्तियों की शिक्षा के लिए मशहूर नैनीताल के प्रसिद्ध शेरवुड़ स्कूल के प्रधानाचार्य अमनदीप संधू और कर्मचारियों रवि कुमार व सिस्टर पायल पाँल को जिला जज की कोर्ट ने राहत देते हुए सीजेएम कोर्ट से दी गई सज़ा पर रोक लगी दी. अपील पर सुनवाई के लिए 30 जुलाई की तारिख तय की गई. 2014 में नेपाल निवासी एक छात्र की तबीयत खराब होने पर स्कूल की लापरवाही से मौत होने के मामले में संधू समेत तीनों को कोर्ट ने 2 साल की सजा सुनाई थी.
सीसीटीवी कैमरे चोरी पर भड़के विधायक
नैनीताल ज़िले के रामनगर में लगे दो सीसीटीवी कैमरों पर चोरों ने हाथ साफ किया तो विधायक भड़क उठे. असल में शहर में 56 सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाती है. हालत यह है कि इनमें से 38 सीसीटीवी कैमरे काम ही नहीं कर रहे. दूसरी तरफ शहर में नशाखोरी के मामले भी आए दिन आ रहे हैं. इन दोनों ही मुद्दों पर नाराज़गी जताकर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कोतवाली जाकर पुलिस को जल्द कार्रवाई की ताकीद की.
सैनिक और पुलिसकर्मी के बीच भिड़ंत
रुड़की में गंगनहर कोतवाली के अंतर्गत देहरादून हाइवे पर एक सैन्य वाहन और पुलिसकर्मी के निजी वाहन में टक्कर होने पर दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई. पुलिस ने जैसे तैसे मामला शांत करवाया. इस दौरान भारी भीड़ मौके पर इकठ्ठी हो गई. लोगों ने मामला बढ़ता देख सैन्यकर्मी के वाहन को रवाना करवा दिया. इस मामले में किसी भी पक्ष की तरफ से कोतवाली में तहरीर नहीं दी गई.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Crime News, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : July 02, 2022, 14:40 IST
