UK Weather: नेशनल व स्टेट हाईवे समेत 135 सड़कें ठप, कुमाऊं में सतर्क रहें यात्री, यहां मिलेगी बारिश से राहत


देहरादून. बीते हफ्ते में प्रदेश भर में भारी बारिश के बाद पहाड़ों में अभी अच्छी बारिश का दौर जारी है और कुमाऊं में अभी दो दिन और अलर्ट रहने की ज़रूरत है. मैदानी या तराई के क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर लगातार तो कुछ जगह रुक रुककर हो रही बारिश का नतीजा यह है कि पूरे उत्तराखंड में 6 स्टेट हाईवे समेत कम से कम 135 सड़कें ठप हैं. बद्रीनाथ और यमुनोत्री नेशनल हाईवे के बार बार बंद होने से हज़ारों चार धाम यात्री फंसे हुए हैं.

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक आज 12 जून से उत्तराखंड में बारिश में कुछ राहत मिलेगी, लेकिन देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत कुमाऊं में कहीं कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है. दून में तो कल सोमवार की शाम से ही अच्छी बरसात का सिलसिला जारी है. चमोली, उत्तरकाशी, चंपावत, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ ज़िलों में आज सुबह बारिश होने की खबरें हैं, तो कई जगह पीने के पानी की किल्लत, जलभराव और रास्ते बंद होने जैसी दिक्कतें भी पेश आ रही हैं.

डाबरकोट और हनुमानचट्टी के पास बन्द यमुनोत्री हाईवे को खोलने की कोशिश जारी.

नेशनल हाईवे ठप होने से फंसे यात्री
उत्तरकाशी ज़िले में सोमवार रात को बारिश होने के बाद यमुनोत्री नेशनल हाईवे समेत कुछ लिंक मार्ग बंद हैं. यमुनोत्री हाइवे डाबरकोट के पास मलबा आने से सुबह से बन्द है. हनुमानचट्टी के पास भी बन्द बताया जा रहा है. हाईवे के दोनों तरफ सुबह से यात्री फंसे हैं. मशीनों से रास्ते खोलने की कोशिश हो रही है. ज़िले में कम से कम 3 लिंक ग्रामीण सड़कें और टिहरी ज़िले में आधा दर्जन सड़कें ठप हैं.

चमोली ज़िले में भारी बारिश के चलते बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग फिर खचड़ा नाले के पास बंद हो गया है. चार धाम यात्री फंसे हुए हैं तो बीआरओ रास्ता खोलने की कवायद कर रहा है. इधर, रुद्रप्रयाग ज़िले में सिरोहबगड़ में पहाड़ी से पत्थर गिरने के चलते फिर ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग ठप है. सुबह करीब 6:20 पर पत्थर गिरने लगे. क्षेत्र में लगातार बारिश से मार्ग खोलने में कठिनाई आ रही है. साथ ही, मयाली-घनसाली मोटरमार्ग पुल टुटने के कारण बीते कई दिनों से बंद पड़ा है.

दुर्घटनाओं और पानी का संकट भी
चंपावत में पहाड़ी मैदानी इलाकों में देर रात से रिमझिम बारिश जारी है, तो जोशीमठ में देर रात से हल्की बरसात है. उधमसिंह नगर, रुद्रप्रयाग और देहरादून में देर रात से हल्की बारिश है. लेकिन, उत्तरकाशी ज़िले में भारी बारिश होने से भंडेली गाड़ के उफान से जानकीचट्टी, नारायणपुरी और खरसाली गांव के पेयजल स्रोत बहने से पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है.

नैनीताल ज़िले में भी अच्छी बारिश हो रही है और यहां भी नदियां, नाले उफान पर हैं. रामनगर के धनगढ़ी में NH 309 फिर बाधित हो गया. धनगढ़ी नाले के उफान पर आने आज मंगलवार सुबह एक आल्टो कार बह गई. बताया जा रहा है कि कार में शिक्षक थे. हालांकि कार को बहता देख शिक्षक किसी तरह से जान बचा सके. इस नाले के चलते यहां सुबह से यातायात बाधित है.गौरतलब है कि पिछले दिनों रामगनर के पास ढेला नदी में एक कार बह जाने से 9 लोगों की मौत हो चुकी है.

Tags: Uttarakhand landslide, Uttarakhand Rains

By admin

Leave a Reply