Uttarakhand Weather : टूटेगा आसमान, उफनाएंगी नदियां…रेड अलर्ट के साथ सितंबर की शुरुआत, इन जिलों में आज स्कूल बंद


Last Updated:

Uttarakhand Weather Today : उत्तराखंड में बारिश आफत बनकर बरस रही है. पहाड़ से मैदान तक, खतरे ही खतरे देखने को मिल रहे हैं. जानिए आज आपके जिले में मौसम कैसा रहने वाला है.

उत्तराखंड के सभी जिलों में बरसेंगे काले बादल (सांकेतिक तस्वीर)
देहरादून. सितंबर का महीना शुरू हो चुका है, लेकिन आसमान से गिरती बूंदें थमने का नाम नहीं ले रहीं. इससे पूरा उत्तराखंड हैरान है. शुक्रवार से लगातार हो रही बारिश ने वीकेंड का सारा सुकून छीन लिया. शनिवार और रविवार को पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक झमाझम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. हालत यह रही कि नदियां उफान पर दिखीं. कई जगहों पर भूस्खलन हुआ और सड़कें बंद हो गईं. मौसम विभाग पहले ही ऑरेंज अलर्ट (Uttarakhand Weather Today) जारी कर चुका था, लेकिन मानसूनी बादलों का तेवर यहीं नहीं रुका. अब सितंबर की शुरुआत में ही रेड अलर्ट ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.

अलर्ट ने बढ़ाई बेचैनी
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने आज यानी सोमवार (1 सितंबर) को देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिलों के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश (Heavy to Very Heavy Rain) का पूर्वानुमान जताया है. रविवार तक जिन जिलों में ऑरेंज अलर्ट था, अब वहां रेड अलर्ट ने दस्तक दे दी है. इसका सीधा मतलब है कि खतरा और बड़ा हो सकता है. आकाशीय बिजली और गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है. राज्य के पहाड़ी जिलों (पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और ऊधमसिंहनगर) में फिलहाल ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि सोमवार का दिन पूरे प्रदेश के लिए बेहद संवेदनशील रहेगा. जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

इन जिलों में आज बंद रहेंगे स्कूल
लगातार हो रही बारिश से कई जगहों पर भूस्खलन और दरारों की घटनाएं सामने आई हैं. बीते रविवार को चमोली जिले के नंदा नगर घाट और जोशीमठ विकासखंड के पल्ला गांव में घरों में दरारें पड़ने लगी हैं. सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित परिवारों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. नंदा नगर घाट बाजार से अब तक 60 परिवारों को शिफ्ट किया जा चुका है. IMD के रेड अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए चंपावत, अल्मोड़ा, चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश जारी हुआ है.

प्रशासन अलर्ट, मदद के नंबर जारी
भारी बारिश और संभावित आपदा को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. राहत और बचाव टीमों को तैनात किया गया है. लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा न करें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें. किसी भी आपात स्थिति में 112 या 1077 पर तुरंत कॉल कर सकते हैं. पहाड़ों में मूसलाधार बारिश से नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. रविवार को कई जगहों पर यह स्थिति देखने को मिली. नदियों का उफान और पहाड़ी दरारों ने लोगों की नींद उड़ा दी है. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है, लेकिन मौसम के मिज़ाज से ऐसा लग रहा है कि आने वाले दिन और भी मुश्किल साबित हो सकते हैं.

न्यूज़18 हिंदी को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
homeuttarakhand

उत्तराखंड में रेड अलर्ट के साथ सितंबर की शुरुआत, इन जिलों में आज स्कूल बंद