उत्तरकाशी/चमोली. उत्तराखंड के पहाड़ों से लगातार ऐसी तस्वीरें आ रही हैं, जो रोंगटे खड़े कर सकती हैं. दम तोड़ चुके रास्तों और हांफ चुकी व्यवस्थाओं की बानगी देते दो ताज़ा और एक्सक्लूसिव वीडियो आपको दिखाते हैं. एक चार धाम यात्रियों द्वारा जान जोखिम में डालने पर मजबूर होने की तस्वीर पेश करता है, तो दूसरा वीडियो दिखा रहा है कि स्कूली बच्चों की जान किस तरह रोज़ाना खतरे में है. उत्तरकाशी में यमनोत्री धाम पैदल मार्ग की हालत यह है कि यात्री भगवान भरोसे सफर करने पर मजबूर हैं, वहीं चमोली में सड़क पर बह रही उफनती नदी को पार करना बड़ा जोखिम दिख रहा है.
पहले यमुनोत्री के यात्रियों की बात करें. ये एक्सक्लूसिव तस्वीरें भंगेली गाड की हैं, जहां वैकल्पिक मार्ग संकरा होने से घोड़े खच्चरों का दो-दो घंटे का जाम लग रहा है. यात्री क्षतिग्रस्त हुए रास्ते से जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं. वीडियो में आप देख सकते हैं कैसे यात्री कई फुट नीचे खाई में बहती नदी के ऊपर करतबबाज़ों की तरह संकरे-से कच्चे रास्ते पर संतुलन साधकर जान जोखिम में डाल रहे हैं.
यात्रियों की संख्या बढ़ते ही समस्या विकराल रूप लेने लगी है. बरसात के दौरान भंगेली गाड के पास पैदल मार्ग 20 मीटर क्षतिग्रस्त हुआ था, तबसे यह रास्ता सही नहीं हो पाया है. सुरक्षा की कोई व्यवस्था यहां दिख नहीं रही है. हालात ये हैं कि यात्री दीवारों से उतरते नज़र आ रहे हैं. कई यात्री पुलिस और प्रशासन को कोस रहे हैं, तो वीडियो शूट करने वाले यात्री के मुताबिक कई दिन बाद भी टूटा रास्ता ठीक नहीं हो सका है.
संकट में फंसे 20 बच्चे ऐसे निकाले गए
अब आपको चमोली ज़िले से खास तस्वीरें दिखाते हैं. पहाड़ों में एक बार फिर मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही निकली और चमोली में सोमवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही. बारिश से एक बार फिर नदी नाले उफान पर बहने लगे, जिससे कई जगहों पर यातायात ठप हो गया तो कई जगहों पर लोगों की जान पर भी बन आई. स्कूल के करीब 20 बच्चे उफनते हुए नाले में फंस गए, तो एसडीआरएफ की टीम ने किसी तरह उन्हें नाला पार करवाया.
बद्रीनाथ नेशनल हाईवे लामबगड़ के पास अचानक बंद हो गया था. पहाड़ों पर तेज बारिश से लामबगड़ के पास बरसाती नाला उफान पर आ जाने से सोमवार को दोपहर बाद स्कूल के बच्चे पाडुंकेश्वर से लामबगड़ गांव की तरफ जा रहे थे. तभी लगभग 20 बच्चे नाले मे फंस गए. एसडीआरएफ के इंचार्ज लव कुश टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तेज़ बहाव से बच्चों को रेस्क्यू किया. गनीमत रही कि यहां कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.
गौरतलब है कि मानसून के दौरान लामबगड़ नाला तीर्थ यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी सरदर्द बनता रहा और और इन दिनों भी लगातार नाले का जलस्तर बढ़ रहा है. लामबगड़ के पास बद्रीनाथ धाम जाने वाले और बद्रीनाथ धाम से लौटने वाले यात्री भी मार्ग में फंसे रहे, जिन्हें एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू किया. बताया जा रहा है कि टीम ने 100 से अधिक यात्रियों की मदद की.
(उत्तरकाशी से बलबीर परमार व चमोली से नितिन सेमवाल की रिपोर्ट)
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Char Dham Yatra, Viral video news
FIRST PUBLISHED : August 30, 2022, 12:45 IST
