Weather Update: 7 अक्टूबर को बंद रहेंगे नैनीताल के स्कूल, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट


हाइलाइट्स

नैनीताल जिले में भारी बारिश का रेड एलर्ट जारी किया गया है.
अलर्ट को लेकर डीएम ने जिले के स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है.

नैनीताल. देहरादून मौसम विभाग द्वारा जिला नैनीताल के लिए 7 अक्टूबर का रेड एलर्ट जारी किया गया है. अलर्ट के मुताबिक नैनीताल जिले में कल भारी बारिश हो सकती है. भारी बारिश से किसी तरह की जान और माल का नुकसान ना हो इसके लिए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं. इसी कारण नैनीताल के डीएम ने स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है.

डीएम के आदेश के मुताबिक शुक्रवार को जिले में शासकीय, अर्द्धशासकीय, निजी विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे. देहरादून मौसम विभाग से जारी इमरजेंसी वेदर अलर्ट के अनुसार 07 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के कुछ जनपदों में  भारी से भारी वर्षा होने  के साथ-साथ कहीं-कहीं अत्यधिक वर्षा होने का पूर्वानुमान है.  इसके दृष्टिगत जिला मजिस्ट्रेट ने जनपद के शासकीय, अर्द्धशासकीय , निजी विद्यालयों व आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है.

इन लोगों को करनी होगी ड्यूटी 

मौसम विभाग की जारी चेतावनी को देखते हुये नैनीताल के जिला मजिस्ट्रेट धीराज सिंह गर्ब्याल ने शुक्रवार को जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में (कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं) एवं आंगनबाड़ी केन्द्र को बंद रखने का निर्देश दिया है. लेकिन प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक, समस्त शैक्षणिक एवं मिनिस्ट्रियल एवं अन्य कार्मिक निर्धारित समयानुसार अपने-अपने विद्यालयों, कार्यालयों में उपस्थित रहने के आदेश दिए गए हैं.

निर्देश नहीं मानने पर होगी कार्रवाई 

जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों का पालन न करने पर सम्बन्धित विद्यालय एवं संस्थान के विरूद्ध कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है. यानी साफ है कि मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुये जिला प्रशासन किसी भी तरह की कोताही बरतने के मूड में नहीं है.

Tags: Nainital news, Uttarakhand news, Weather Alert

By admin

Leave a Reply