रिपोर्ट- हिमांशु जोशी
नैनीताल. उत्तराखंड के नैनीताल में भूमियाधार स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में एक ही साथ कई दिक्कतें देखने को मिल रही हैं. जहां एक तरफ विद्यालय की कुछ कक्षाओं की जमीन बैठ रही है, तो वहीं दूसरी तरफ पानी और फर्नीचर की भी समस्या है. इंटर कॉलेज में करीब 150 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं. जबकि यहां फर्नीचर की व्यवस्था काफी खराब है. कुर्सियों के हिस्से अलग-अलग हैं और टेबल भी टूटी हुई हैं, जिस पर बैठकर छात्र पढ़ाई करने को मजबूर हैं. स्कूल को प्रतिदिन 4 से 5 बाल्टी पानी मिलता है, जिससे छात्रों को मजबूरन इतने ही पानी से गुजारा करना पड़ता है.
कॉलेज में काफी समय से पानी की दिक्कत बनी हुई है. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश कांडपाल बताते हैं कि दिन भर में यहां केवल करीब 5 बाल्टी पानी आता है, जिसे खाने और पीने के लिए इस्तेमाल में लाया जाता है. शौचालय में इस्तेमाल करने के लिए बारिश का पानी इकट्ठा करना पड़ता है. यहां के शौचालय की हालत भी खराब है.
इसके अलावा स्कूल की कक्षा 7 का कमरा भी खतरे की जद में है. उसके नीचे की सुरक्षा दीवार टूटी थी, जो अभी तक सही नहीं हो सकी है. जमीन लगातार नीचे बैठ रही है. इस इंटर कॉलेज की दीवारों में कई जगहों पर दरारें भी पड़ी हैं. यहां अर्थशास्त्र के टीचर त्रिभुवन अग्रगामी ने बताया कि यहां प्रतीक्षालय की भी कमी है. जबकि सोशल साइंस के टीचर्स के दो पद खाली हैं, जिस वजह से अन्य विषय के शिक्षक ही बचे हुए विषयों को भी पढ़ाते हैं. इसके अलावा यहां कंप्यूटर की भी कमी है.
नैनीताल के जिला शिक्षा अधिकारी केएस रावत ने ‘न्यूज18 लोकल’ से बात करते हुए बताया कि इन समस्याओं पर जल्द ही काम किया जाएगा. इसके अलावा पानी की समस्या को लेकर जल संस्थान से भी बात की जाएगी, जिससे स्कूल को पर्याप्त मात्रा में पानी मिल सके.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Nainital news
FIRST PUBLISHED : August 10, 2022, 17:28 IST
