अल्मोड़ा पुलिस ने पकड़ी ‘स्मैक’ की अब तक की सबसे बड़ी खेप!
राहुल सिंह/रोहित भट्ट
अल्मोड़ा. उत्तराखंड में पुलिस का ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान (Drugs Free Devbhumi Campaign) जारी है. सभी 13 जिलों की पुलिस नशे के सौदागरों पर नकेल कस रही है. इसी कड़ी में अल्मोड़ा पुलिस (Almora Police) को बड़ी कामयाबी मिली है. जिले में पहली बार स्मैक की अब तक की सबसे बड़ी खेप बरामद की गई है. इसकी कीमत 16 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है. पुलिस ने दोनों स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा के सीओ विमल प्रसाद के नेतृत्वमें एसओजी, एएनटीएफ और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम बेस तिराहा के पास चेकिंग कर रही थी. तभी एक बाइक को रोका गया. बाइक पर दो लोग सवार थे. दोनों की तलाशी में उनके पास से 162.5 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया. स्मैक को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट में केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
बरेली से ला रहे थे स्मैक
अल्मोड़ा के एसएसपी रामचंद्र राजगुरु ने बताया कि आरोपियों के नाममकसूद अली और महबूब अली हैं. दोनों उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के रहने वाले हैं. उनके कब्जे से 162.5 ग्राम स्मैक मिली है, जिसकी कीमत 16 लाख रुपये से ज्यादा है. पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे लोग बरेली के मीरगंज से स्मैक खरीदकर लाए थे.वे इसे ऊंचे दामों पर पहाड़ी क्षेत्रों में बेचकर लाभ कमाने के मकसद से ला रहे थे. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है.
अल्मोड़ा पुलिस युवाओं को कर रही जागरूक
एसएसपी ने कहा कि जांच के दौरान स्मैक तस्करी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के नाम आने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ मिशन को सफल बनाने की दिशा में नशे पर प्रहार होता रहेगा. अल्मोड़ा पुलिस लगातार अभियान चलाकर युवाओं और स्कूली छात्रों को नशे के जाल से बचाने के लिए जागरूक कर रही है.
.
Tags: Local18, UK News, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : July 25, 2023, 16:01 IST