उत्तराखंड में छेड़खानी पर जीरो टॉलरेंस,सड़क पर आशिकी का भूत उतारेगी पिंक पुलिस
कमल किशोर पिमोली/पौड़ी गढ़वाल. अक्सर हम देखते हैं कि स्कूल, कॉलेज या अन्य जगहों पर मनचलों की टोली स्कूली छात्राओं को परेशान करने के लिए खड़ी रहती है. ये छात्राओं के साथ बदतमीजी से बात करते हैं व छेड़खानी की कोशिश भी करते हैं, ऐसे युवकों को सबक सिखाने के लिए अब पौड़ी पुलिस ने पिंक यूनिट तैयार की है.
छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे के निर्देश पर जिले में पिंक यूनिट का गठन किया गया है. पुलिस टीमें स्कूल खुलने और बंद होने के समय स्कूलों के बाहर डटी रहेंगी. साथ ही छात्राओं की एक फोन कॉल की शिकायत पर तत्काल मौके पर पहुंचेगी. इससे छात्राएं जहां अपने को सुरक्षित महसूस करेंगी वहीं वे मानसिक तनाव से भी दूर रहेंगी.
छेड़खानी के मामलों में कमी
दरअसल आए दिन मनचलों की ओर से छात्राओं के साथ छेड़खानी या अभद्रता जैसे मामले सामने आते हैं. ऐसे में छात्राएं स्कूल जाने से कतराती थीं. कई छात्राओं ने इसकी शिकायत एसएसपी श्वेता चौबे से की थी. जिसका संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने नवंबर माह 2022 में जिले में पिंक यूनिट गठित की, इस यूनिट के गठन के बाद से इस तरह के मामलों में कमी आई है.
गुड टच, बैड टच की जानकारी
पौड़ी पुलिस जिले के सरकारी, गैर सरकारी स्कूलों में पहुंचकर छात्राओं को गुड टच बैड टच की जानकारी भी दे रही है. जिससे कि छात्राएं समझ सकें कि कोई उनके साथ दुर्व्यवहार तो नहीं कर रहा है. वहीं पौड़ी पुलिस द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए जा रहे हैं. साथ ही समय समय पर छात्राओं की काउंसलिंग भी की जा रही है.
श्रीनगर, कोटद्वार व पौड़ी में भी पिंक यूनिट
एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे ने बताया कि किसी भी छात्रा को स्कूल आने-जाने में डरने की जरूरत नहीं है. पिंक यूनिट को तैनात करने का मकसद स्कूली छात्राओं को सुरक्षा मुहैया करवाना है. जिले के कोटद्वार, श्रीनगर व पौड़ी थाने में पिंक यूनिट का गठन किया गया है. इस यूनिट में महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं. जो छात्राओं को परेशान करने वाले मनचलों को सबक सिखाएगी. साथ ही समय-समय पर छात्राओं की काउंसलिंग भी की जाएगी. ताकि छात्राएं स्कूल या बाजार जाते समय खुद को सुरक्षित महसूस करें. इस यूनिट का प्रभारी महिला हेल्पलाइन प्रभारी को बनाया गया है, जिससे एक सूचना मिलने पर तत्काल मदद पहुंचाई जा सके.
.
Tags: Crime against women, Local18, Uttarakhand Police
FIRST PUBLISHED : August 06, 2023, 19:10 IST