कोटा उत्तर वार्ड 7 – वार्ड में नहीं है स्वास्थ्य केंद्र, सुरक्षा और सफाई पर भी उठ रहे सवाल
कोटा। कोटा उत्तर नगर निगम के वार्ड संख्या 7 में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के चलते रहवासियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। वार्ड में करीब 1500 लोग रहते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। बरसात में जलभराव से लेकर स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक भवन की कमी तक, लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। चोरी की घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था की लापरवाही से लोगों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। वार्डवासियों का कहना हैं कि पार्षद जितने के बाद कभी उनके बीच नहीं आए और उनकी समस्याएं सुनने में रुचि नहीं दिखाते। बरसात में जलभराव बनता है बड़ी समस्या। वार्ड में विकास कार्यों के बावजूद यहां की जनता अभी भी सुविधाओं के लिए तरस रही है। स्थायी समाधान तभी संभव है जब प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर जमीनी स्तर पर काम करें और जनता के बीच आकर उनकी तकलीफों को गंभीरता से सुनें।
वार्ड का एरिया
बल्लभबाडी, हनुमान मंदिर, जैन दिवाकर स्कूल, मंदिर जैन श्वेताम्बर, गुरूद्वारा का क्षेत्र शामिल है
स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक भवन का अभाव
वार्ड में करीब 1500 लोग रहते हैं, लेकिन आज तक यहां कोई स्वास्थ्य केंद्र नहीं खोला गया। छोटी-सी बीमारी में भी लोगों को काफी दूर जाना पड़ता है। इसके अलावा सामुदायिक भवन न होने से सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने में दिक्कत आती है।
भर जाता है बारिश का पानी
वार्ड निवासी ने बताया कि कचरा पॉइंट के बाद वाली गली में बारिश के पानी की निकासी की सुविधा नहीं है। पानी जमा होने पर लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। गंदगी और मच्छरों की वजह से बीमारियों का खतरा भी लगातार मंडराता रहता है।
– जगदीश, वार्डवासी
नहीं हो रही वार्ड में साफ-सफाई
वार्डवासी बताते हैं कि आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। गश्त भी नियमित नहीं होती। दूसरी ओर सफाई व्यवस्था भी लचर है। लोगों का आरोप है कि सफाई ठेकेदार पार्षद की बात नहीं मानता और अपनी मनमानी करता है, जिससे वार्ड में गंदगी बनी रहती है।
– रामराज राठौर, वार्डवासी
पार्षद का कहना है
वार्ड पार्षद का कहना है कि पार्क और नलों के लिए टेंडर हो चुके हैं और जल्द ही काम शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंने माना कि पुलिस प्रशासन की ओर से वार्ड में ध्यान नहीं दिया जा रहा है, लेकिन यह उनकी जिम्मेदारी के बाहर है। पार्षद ने दावा किया कि वार्ड में कई विकास कार्य पहले ही कराए गए हैं और आने वाले समय में और सुधार होंगे।