Last Updated:
उत्तराखंड के कौसानी स्थित अनामय वैदिक आश्रम में छात्रों को नि:शुल्क वेदों की शिक्षा, योग और ध्यान का अभ्यास कराया जाता है. इसका संचालन विदेशी मूल के स्वामी आशुतोष करते हैं. आश्रम आत्मनिर्भर और जैविक जीवनशैली …और पढ़ें
आश्रम में पूजा करते स्वामी आशुतोष
बागेश्वर- उत्तराखंड के कौसानी में स्थित अनामय वैदिक आश्रम प्राचीन भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की परंपराओं को जीवंत रखे हुए है. यहां कक्षा पांचवीं पास करने वाले छात्रों को निशुल्क प्रवेश दिया जाता है और वे बारहवीं कक्षा तक संस्कृत में वेदों की गहन शिक्षा प्राप्त करते हैं.
भावातीत ध्यान और योग का प्रतिदिन अभ्यास
आश्रम में सिर्फ वेदों की पढ़ाई ही नहीं, बल्कि प्रत्येक छात्र और शिक्षक प्रतिदिन भावातीत ध्यान और योग का भी अभ्यास करते हैं, जिससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास संतुलित होता है.
एक विदेशी बना भारतीय सन्यासी
इस आश्रम की सबसे विशेष बात यह है कि इसका संचालन एक विदेशी व्यक्ति स्वामी आशुतोष करते हैं, जो मूल रूप से उर्स स्ट्रोबेल थे. उन्होंने स्विजरलैंड में महर्षि महेश योगी से प्रेरणा लेकर भारत आकर 1981 में सन्यास धारण किया और 2006 में इस आश्रम की स्थापना की.
आश्रम में जैविक भोजन और स्वावलंबन
आश्रम में पढ़ने वाले छात्रों के लिए नि:शुल्क छात्रावास, जैविक भोजन और जीवनशैली दी जाती है. यहां लगभग 5 एकड़ जमीन पर जैविक खेती और एक डेयरी फार्म भी है, जो आश्रम को आत्मनिर्भर बनाता है.
स्थानीय रोजगार और वैश्विक वॉलंटियर्स
आश्रम में 45 छात्र और 16 वैदिक शिक्षक के अलावा, 10 स्थानीय लोग भी आश्रम की सेवा में लगे हैं. यहां देश-विदेश से वॉलंटियर्स भी आते रहते हैं, जो अपने समय और श्रम से आश्रम को सहयोग देते हैं.
भविष्य संवारती शिक्षा और पंचकर्म सुविधा
छात्रों को वेदों की शिक्षा के साथ-साथ आयुर्वेद, ध्यान और सामाजिक-सांस्कृतिक ज्ञान भी दिया जाता है. यहां 25 अतिथि कक्ष और एक आयुर्वेदिक पंचकर्म क्लिनिक भी मौजूद है, जहां आगंतुक भी शांति और प्राचीन परंपराओं का अनुभव कर सकते हैं.
हर विद्यार्थी के लिए खुला है दरवाज़ा
अनामय वैदिक आश्रम भारतीय संस्कृति का वह जीवंत उदाहरण है, जहां आज भी प्राचीन परंपराओं के साथ आधुनिक जीवन संतुलित रूप से सिखाया जाता है. आश्रम के द्वार उन सभी विद्यार्थियों के लिए खुले हैं जो वैदिक शिक्षा के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य बनाना चाहते हैं.
Bageshwar,Uttarakhand
March 19, 2025, 17:48 IST
कौसानी का अनोखा आश्रम, जहां विदेशी गुरु सिखा रहे हैं वेद, योग और आयुर्वेद!
