सोशल मीडिया पर तमंचा लहराना पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार


Last Updated:

Ramnagar News: पूछताछ के दौरान आरोपी देवेंद्र कटियार ने स्वीकार किया कि उसने खुद यह फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड की थी. जिसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर बैलजुड़ी सरकारी स्कूल के पास एक आम और लीची के बाग में पहुंची, ज…और पढ़ें

X

पुलिस गिरफ्त में आरोपी देवेंद्र कटियार.

रामनगर. सोशल मीडिया पर अपनी धाक जमाने के लिए हथियार लहराने का शौक एक युवक को भारी पड़ गया. मामला उत्तराखंड के नैनीताल जिले का है. रामनगर क्षेत्र के रहने वाले देवेंद्र कटियार ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें वह अवैध 315 बोर के तमंचे के साथ नजर आ रहा था. देखते ही देखते यह तस्वीर वायरल हो गई और पुलिस तक पहुंच गई. पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की. जल्द ही उसे पकड़ लिया. कोर्ट में पेश करने के बाद देवेंद्र को जेल भेज दिया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम शिवपुर बैलजुड़ी पीरुमदारा निवासी देवेंद्र कटियार ने जब तमंचे के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, तो यह कुछ ही समय में वायरल हो गई. जैसे ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया, जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. रामनगर कोतवाली पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की.

पुलिस ने बरामद किया अवैध तमंचा
रामनगर के कोतवाल अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तेजी से डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया और आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों को ट्रैक किया. इसके बाद देवेंद्र कटियार को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह स्वीकार किया कि उसने खुद यह फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी. आगे की जांच में पुलिस टीम आरोपी को लेकर बैलजुड़ी सरकारी स्कूल के पास एक आम और लीची के बाग में पहुंची, जहां से अवैध तमंचा बरामद किया गया.

देवेंद्र पर पहले भी दर्ज हो चुकी है FIR
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि देवेंद्र कटियार का अपने ही परिवार के सदस्यों के साथ जमीनी विवाद चल रहा है. इस मामले में पहले भी उसके खिलाफ जान से मारने की धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया जा चुका है. पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने अपने विरोधियों को डराने के मकसद से यह फोटो पोस्ट की थी. देवेंद्र के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. पुलिस ने इसे एक गंभीर अपराध मानते हुए सभी नागरिकों को चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल उन्हें बड़ी कानूनी मुश्किल में डाल सकता है. पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. इस घटना से सभी युवाओं को सबक लेना चाहिए कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग उन्हें परेशानी में डाल सकता है.

homeuttarakhand

सोशल मीडिया पर तमंचा लहराना पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

By