कमल पिमोली/ श्रीनगर गढ़वाल.युवा पीढ़ी को उद्यमिता की ओर ले जाने और रोजगार सृजनकर्ता बनाने के लिए अब बेसिक स्तर से ही प्रयास शुरू हो गए हैं. नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल के रेनबो पब्लिक स्कूल ने एंटरप्रेन्योरशिप की पढ़ाई का संचालन शुरू किया है. इसके तहत 11वीं और 12वीं के छात्रों को बिजनेस की बारीकियों से लेकर स्टार्टअप करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है, जिससे कि छात्र केवल नौकरी करने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले भी बन सकें.
अभी तक उच्च शिक्षा में पहुंचने के बाद ही छात्र एंटरप्रेन्योरशिप कोर्स करते थे, लेकिन अब स्कूली स्तर पर भी यह कोर्स कराया जा रहा है. इसमें बड़ी संख्या में छात्र रुचि भी दिखा रहे हैं. यह पाठ्यक्रम दो साल तक संचालित होगा.
स्कूल बना रहा उद्यमी
रेनबो पब्लिक स्कूल के सह-प्रबंधक ऋिद्वेश उनियाल ने कहा कि बीते साल से ही स्कूल में एंटरप्रेन्योरशिप कोर्स संचालित किया गया था. इसके साथ ही एनईपी के तहत साइकोलॉजी कोर्स भी उनके स्कूल में संचालित किया जा रहा है. एंटरप्रेन्योरशिप कोर्स में छात्रों को स्टार्टअप करने के साथ मैनेजमेंट, बिजनेस स्टडीज, मार्केटिंग समेत व्यवसाय के अन्य गुण सिखाये जा रहे हैं. साथ ही बिजनेस संचालित करने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी जा रही है.
एंटरप्रेन्योरशिप विषय के साथ पहली बार देंगे बोर्ड परीक्षा
उन्होंने कहा कि इस पाठ्यक्रम को पढ़ने के लिए विषय की कोई बाध्यता नहीं है. विज्ञान वर्ग, कला वर्ग या फिर कॉमर्स वर्ग के छात्र भी इसे विषय के रूप में ले सकते हैं. वह आगे बताते हैं कि इस बार 12वीं के छात्र पहली बार एंटरप्रेन्योरशिप विषय के साथ बोर्ड की परीक्षा देंगे. कहा कि 11 व 12 कक्षा में यह विषय छात्रों को पढ़ाया जा रहा है. छात्र इस विषय को मास्टर्स में जाकर पढ़ते हैं, लेकिन अब स्कूल स्तर पर ही छात्र इसे पढ़ रहे हैं. वर्तमान में 12वीं कक्षा में 50 छात्र इस विषय की पढ़ाई कर रहे हैं. साथ ही 11वीं कक्षा में 40 छात्रों ने नामांकन किया है.
वार्षिकोत्सव में लगाए स्टॉल
उन्होंने आगे कहा कि स्कूल प्रशासन द्वारा हाइब्रिड मॉडल पर इस वर्ष वार्षिकोत्सव आयोजित किया गया, जिसमें एंटरप्रेन्योरशिप विषय के छात्रों को अपने-अपने स्टॉल लगाने के निर्देश दिए गए थे. यहां छात्रों द्वारा कई स्टॉल लगाए गए हैं, जिससे छात्र अच्छी आमदनी भी कर रहे हैं. इसी तरह से छात्र व्यवसाय करने के लिए प्रेरित होंगे और रोजगार सृजनकर्ता बनेंगे.
.
Tags: Educatin, Local18
FIRST PUBLISHED : November 24, 2023, 12:58 IST
