देश के पहले CDS दिवंगत जनरल बिपिन रावत के नाम पर रखा गया इस स्टेडियम का नाम, निखर रही प्रतिभाएं
कमल पिमोली/श्रीनगर गढ़वाल. उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल स्थित एकमात्र खेल मैदान जीएण्ड आईटीआई मैदान के रेलवे परियोजना में चले जाने के बाद आरवीएनएल द्वारा श्रीनगर के श्रीकोट में खेल स्टेडियम का निर्माण किया गया. इस खेल स्टेडियम का नाम देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस रहे जनरल बिपिन रावत (CDS General Bipin Rawat) के नाम पर रखा गया है. आज यह नगर क्षेत्र का एकमात्र खेल मैदान है, जहां खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाती है. यहां ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तरीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगितायें आयोजित कराई जाती है.
खेल मैदान वह स्थान होता है जहां बच्चे जीवन संघर्षों के लिए तैयार होते हैं. यह किसी भी छात्र के जीवन को एक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. श्रीकोट स्थित सीडीएस जनरल विपिन रावत श्रीकोट स्टेडियम में इन दिनों गढ़देवा खेल महोत्सव का भी आयोजन हुआ था. जिसमें पौड़ी जिले के 15 ब्लॉकों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करने के लिए पहुंचे थे.
CDS बिपिन रावत के नाम पर खेल मैदान
शिक्षक महेश गिरी बताते हैं कि स्व0 जनरल विपिन रावत पौड़ी जिले के ही रहने वाले थे. CDS बिपिन रावत के नाम पर श्रीकोट स्टेडियम का नाम रखा जाना अच्छी पहल है. जानकारी देते हुए बताते हैं कि शिक्षा मंत्री व स्थानीय विधायक डॉ धन सिंह रावत के अथक प्रयासों से श्रीकोट में यह आधुनिक खेल मैदान बनकर तैयार हुआ है. शिक्षक महेश गिरी बताते हैं कि मोबाइल के इस दौर में बच्चे शारीरिक खेलों से दूर होते दिख रहे हैं. जो कि बिल्कुल भी सही नहीं है. बच्चों को खेल गतिविधियों में भी बढ़ चढकर प्रतिभाग करना चाहिए. जिससे कि उनका शारीरिक विकास हो सके. यह मैदान श्रीनगर व पहाड़ की प्रतिभावों को निखारने का कार्य करेगा
शहर का एकमात्र खेल मैदान
CDS बिपिन रावत श्रीकोट स्टेडियम के सह प्रबंधक राकेश काला का कहना है कि श्रीनगर तेजी से उभरता हुआ शहर है, ऐसे में यहां मैदानों की अति आवश्यकता है. बताते हैं कि इससे पूर्व श्रीनगर शहर के G & ITI मैदान से कई फुटबालर व क्रिकेटर निकले हैं. जिन्होनें जिले व राज्य का नाम रोशन किया. अब यहां रेलवे परियोजना का कार्य चलने के कारण शहर के पास एकमात्र श्रीकोट स्टेडियम बचा है. जहॉ युवा खेलों के साथ आर्मी भर्ती से लेकर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी कर सकें.
जल्द बनेगा सिंथेटिक ट्रेक
CDS बिपिन रावत श्रीकोट स्टेडियम में जल्द ही खेल विभाग की ओर से सिंथेटिक ट्रेक का निर्माण कार्य कराया जायेगा. जिससे यहां धावकों को अच्छे ट्रेक पर दौड़ने का अनुभव मिलेगा, साथ ही वें अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं. इससे पूर्व यहां बास्केटबाल कोर्ट बनकर तैयार हो चुका है.
.
Tags: Cds bipin rawat, Local18
FIRST PUBLISHED : October 16, 2023, 15:28 IST