हिना आज़मी/ देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगातार भीड़ बढ़ती जा रही है. कंक्रीट के जंगल और गाड़ियों के प्रदूषण से हर उम्र के लोगों को तकलीफ होती है. वहीं स्कूल से थककर आने वाले बच्चों के लिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत कई मनोरंजन पार्क बनवाए गए हैं, जैसे गांधी पार्क में मनोरंजन के कई साधन उपलब्ध कराए गए हैं, तो वहीं परेड ग्राउंड में अंतरिक्ष के चंद्रयान समेत कुछ स्टैचू बनवाएं गए हैं. अब बच्चों के लिए जंगलटून भी बनकर तैयार हो चुका है. मोगली, बघीरा और शेर खान समेत जंगल बुक के कैरेक्टर्स को आप यहां देख पाएंगे और उनके साथ फ़ोटो भी क्लिक कर पाएंगे. यहां बच्चों के लिए झूले भी लगाए गए हैं.
देहरादून की जिलाधिकारी सोनिका ने जानकारी दी कि शहर के बीच कई स्कूल हैं. कई बच्चे माता-पिता के साथ शॉपिंग करने के लिए आते हैं, तो ऐसे बच्चों के लिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत नए पार्क बनाए जा रहे हैं और इसी के साथ ही जो पुराने पार्क थे, उनका भी सौंदर्यीकरण किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि परेड मैदान में भी अंतरिक्ष जैसा दृश्य बनाने की कोशिश की गई है, वहीं जंगलटून में जंगल बुक के मशहूर कैरेक्टर्स के अलावा जंगल का वातावरण दिखाने की कोशिश की गई है.
स्कूली बच्चों के लिए सौगात है जंगलटून
नजदीकी स्कूल में पढ़ने वाली परणीत का कहना है कि हम स्कूल में पढ़ाई के बाद थक जाते हैं और छुट्टी में जब हम यहां आते हैं, तो हमें बहुत ही अच्छा महसूस होता है. वहीं निखिल ने बताया कि वह अपने बच्चों को स्कूल की छुट्टी के बाद यहां लाते हैं. उनका कहना है कि पहले यहां सिर्फ गंदगी और जंगल हुआ करता था लेकिन अब बच्चों के लिए परेड ग्राउंड को बेहद सुंदर बना दिया गया है. अब हमें अपने बच्चों को डियर पार्क ले जाने की जरूरत नहीं है.
कहां है जंगलटून?
अगर आप भी अपने बच्चों को इस पार्क में घुमाना चाहते हैं, तो आप राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड आ सकते हैं, जहां तिब्बत मार्केट के सामने ही स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत जंगलटून बनाया गया है.
.
Tags: Hindi news, Local18
FIRST PUBLISHED : February 21, 2024, 15:03 IST
