हिना आज़मी/ देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के एसपी ट्रैफिक के पद पर सर्वेश पंवार ने जिम्मेदारी संभाल ली है. नए एसपी ट्रैफिक अब दून की यातायात प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए तरह-तरह के प्रयास कर रहे हैं. वह देहरादून में कम्युनिटी ट्रैफिक पुलिस सिस्टम की पहल करने जा रहे हैं, जिसमें ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ सोसायटी भी यातायात को दुरुस्त करने में मदद करेगी. इसके अलावा यातायात से जुड़े सुझाव और शिकायत को भी ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया पर साझा करते हुए एसपी ट्रैफिक से लोग सीधा जुड़ सकेंगे.
देहरादून सिटी ट्रैफिक सर्वेश पंवार ने जानकारी देते हुए कहा कि देहरादूनवासियों से अपील की जा रही है कि वे यातायात नियमों का पालन करें. जहां-तहां गाड़ी को पार्क न करें क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है. उन्होंने दूनवासियों से आग्रह किया कि यातायात पुलिस का ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम में अपना सहयोग करें. हम कम्युनिटी ट्रैफिक पुलिस सिस्टम पॉलिसी पर काम करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि लोग हमारी इस मुहिम से जुड़ें, जिससे यहां का यातायात सुगम बन सके. उन्होंने कहा कि लोग अपने सुझाव देहरादून ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया पेज पर दे सकते हैं, जिससे ट्रैफिक पुलिस मैनेजमेंट के लिए काम किया जा सकेगा.
ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने पर होगा फोकस
एसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि देहरादून की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने पर हमारा फोकस रहेगा. यातायात को बाधित करने वाले स्कूल और मॉल्स के बाहर अवैध पार्किंग को हटाया जाएगा. शहर के स्कूल और मॉल्स संचालकों को उनकी खुद की पार्किंग का इस्तेमाल करने के लिए कहा जाएगा. अगर इसके बाद भी कोई नहीं मानेंगे, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. शहर के ट्रैफिक सिस्टम पर ड्रोन की नजर रहेगी. ड्रोन की मदद से चालान की कार्रवाई को बढ़ाया जाएगा.
देहरादून निवासी अजीत सिंह का कहना है कि नए एसपी ट्रैफिक एक अच्छी पहल करने जा रहे हैं, क्योंकि यातायात पुलिस के साथ मिलकर देहरादून के लोगों को भी इस मुहिम में जुड़ना चाहिए, जिससे यातायात दुरुस्त हो सके. कई बार लोग रैश ड्राइविंग करते हैं, जिससे पैदल चल रहे लोगों को भी दिक्कत होती है, इस पर भी ट्रैफिक पुलिस काम कर रही है.
यातायात पुलिस सिस्टम को बनाना होगा बेहतर
अजीत ने ट्रैफिक आई पुलिस एप्लीकेशन का जिक्र करते हुए कहा कि शहर में कोई भी यातायात नियमों का उल्लंघन करता है, तो आम नागरिक उसकी गाड़ी की नंबर प्लेट की फोटो एप पर अपलोड कर सकता है, जिससे यातायात पुलिस उस पर कार्रवाई करेगी. इस तरह से यातायात पुलिस सिस्टम को बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है लेकिन वह सुझाव देना चाहते हैं कि देहरादून में पार्किंग को लेकर काम किया जाए क्योंकि आढ़त बाजार, चकराता रोड आदि ऐसी कई रोड हैं, जिन पर पार्किंग की व्यवस्था नहीं है. उनका कहना है कि अगर कोई व्यक्ति बाजार में खरीदारी करने आता है, तो वह अपनी गाड़ी को कहां पर पार्क करें, इसका प्रबंध प्रशासन और यातायात पुलिस को करना चाहिए, ताकि शहर का ट्रैफिक बाधित न हो.
.
Tags: Dehradun news, Local18
FIRST PUBLISHED : July 26, 2023, 13:40 IST
