पहले बलियानाला और अब नैनीताल की इस पहाड़ी से लोग खौफजदा, जान दांव पर लगाने को मजबूर


हाइलाइट्स

आज की तारीख में यह खतरा जीआईसी और हरिनगर तक पहुंच गया है
कृष्णापुर से वीर भट्टी मार्ग के ठीक ऊपर की पहाड़ी दरक रही है

रिपोर्ट- हिमांशु जोशी

नैनीताल. नैनीताल से महज एक किलोमीटर दूर स्थित कृष्णापुर की एक पहाड़ी यहां के रहने वाले लोगों के लिए डर की वजह बनी हुई है. इस पहाड़ी में बड़ रही दरारें यहां से आवाजाही करने वाले लोगों के लिए डर का सबब बनी हुई हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह पहाड़ी गिरती है तो बड़े आवासीय क्षेत्र को नुकसान पहुंचा सकती है.

कृष्णापुर से लगे हुए बलियानाला क्षेत्र में रईस होटल के पास की पहाड़ी पूरे इलाके को रोके हुए थी. 1980 के दशक से ही बलियानाला में हो रहे भूस्खलन के बाद भी रईस होटल क्षेत्र का बड़ा जमीनी हिस्सा इससे बचा रहा. साल 2018 में हुए भयानक भूस्खलन ने पहाड़ी के साथ साथ रईस होटल को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया था. आज की तारीख में यह खतरा जीआईसी और हरिनगर तक पहुंच गया है.

वीर भट्टी मार्ग के ठीक ऊपर की पहाड़ी दरक रही
इसी तर्ज पर कृष्णापुर से वीर भट्टी मार्ग के ठीक ऊपर की पहाड़ी दरक रही है. इस पहाड़ी के ठीक नीचे वाला मार्ग सिपाहीधारे से लेकर वीरभट्टी को जोड़ता है. लगभग 5000 हजार की आबादी नैनीताल आने जाने के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल करती है. रोजाना, स्कूल कॉलेज के छात्र, कार्यालयों के लोग इसी रास्ते को अपनाते हैं.

जान हथेली पर रखकर गुजरने को मजबूर
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जान हथेली पर रखकर रोजाना इस रास्ते से आवाजाही करते हैं. पहले भी इस पहाड़ी से कुछ पत्थर टूट कर नीचे की ओर गिरे थे हालांकि तब कोई नुकसान नहीं हुआ था. नैनीताल विधायक सरिता आर्य ने बताया कि यह मामला फिलहाल तो संज्ञान में नहीं है. जल्द ही उस क्षेत्र का मौका मुआयना कर अधिकारीयों को निर्देशित किया जाएगा.

Tags: Nainital news, Uttarakhand Latest News