पिथौरागढ़ की बेटी के मुक्के का दम देख दुनिया हैरान, तीसरी बार एशियन चैंपियन बनी निकिता


हिमांशु जोशी/ पिथौरागढ़. उत्तराखंड राज्य के नौनिहालों ने कजाकिस्तान में हुई जूनियर एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अपना दम खम दिखाया है. राज्य के सीमावर्ती सुदूर जिले पिथौरागढ़ से पांच नौनिहाल कजाकिस्तान में हुए मुकाबले के लिए चयनित किए गए थे. इन पांचों ने इस प्रतियोगिता में अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन दिखाते हुए भारत के लिए पदकों की झड़ी लगा दी. इन सब के बीच एक उभरती सितारा रहीं हैं निकिता चंद (Nikita Chand Pithoragarh).

60 किलो वजन में यूथ चैंपियन बनीं निकिता

कजाकिस्तान में आयोजित जूनियर एंड यूथ एशियाई चैंपियनशिप के लिए निकिता चंद को भारतीय टीम में चुना गया था. प्रतियोगिता के 60 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में निकिता ने उज्बेकिस्तान की बॉक्सर को पहले ही राउंड में पराजित कर एशियाई चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया. बता दें कि निकिता ने यह तीसरी बार एशियाई चैंपियनशिप अपने नाम की है. वर्तमान में निकिता बिजेंद्र मल्ल बॉक्सिंग अकादमी से ट्रेनिंग ले रही हैं और वह पीएनएनएफ स्कूल की 12वीं की छात्रा हैं.

अटैक को ही बनाया डिफेंस

गोल्ड मेडल जीतने के बाद पिथौरागढ़ पहुंची निकिता से ‘लोकल 18’ ने बातचीत की, जिसमें उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच और अपने अभिभावकों को दिया है. उनका कहना है कि अनुशासन में रहकर अपनी प्रैक्टिस के दम पर ही आज वह चैंपियन बनी हैं. निकिता ने कहा कि मेजबान टीम के साथ मुकाबला काफी रोचक रहा था. उन्होंने अपने अटैक को ही अपना डिफेंस बनाया और यह चैंपियनशिप अपने नाम की.

पिथौरागढ़ पहुंचने पर हुआ निकिता का जोरदार स्वागत

पिथौरागढ़ पहुंचने पर निकिता चंद का जोरदार स्वागत किया गया. निकिता के कोच कैप्टन भूपेंद्र सिंह थापा ने कहा कि निकिता एक बहुत अच्छी बॉक्सिंग प्लेयर है. उन्हें शत प्रतिशत उम्मीद है कि वह जल्द ही वर्ल्ड चैंपियनशिप भी अपने नाम कर लेगी, जिसके लिए वह इस समय कड़ी मेहनत कर रही है.

Tags: Local18, Pithoragarh news, Uttarakhand news