भारत की पहली रोबोटिक एकेडमी, यहां 6 साल के बच्चे ड्रोन उड़ाते भी हैं और बनाते भी हैं!


अरशद खान/ देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में स्थित एमडी रोबोटिक एकेडमी एक ऐसी जगह है, जहां 6 साल से 16 साल की उम्र तक के बच्चे रोबोट बनाना सीखते हैं. बचपन में ही इन बच्चों का तकनीकी ज्ञान इतना तेज कर दिया जाता है कि वे ड्रोन बना भी सकते हैं और ड्रोन उड़ा भी सकते हैं. इस धमाकेदार आइडिया के पीछे देहरादून के प्रव्वल का दिमाग है, जो इंजीनियरिंग कर चुके हैं और अपने स्टार्टअप के साथ अब बच्चों को भी तकनीकी शिक्षा का ज्ञान दे रहे हैं. प्रव्वल पिछले 7 सालों से अपनी रोबोटिक कंपनी चला रहे हैं. उत्तराखंड के सभी आर्मी स्कूलों में उनकी लैब हैं. केंद्रीय विद्यालय और कई सरकारी स्कूलों में भी उनकी रोबोटिक लैब लगाई जा चुकी हैं. उनकी एकेडमी देश की पहली ऐसी रोबोटिक एकेडमी है, जो 6 साल के बच्चों को ड्रोन बनाना और उड़ाना सिखा देती है.

Local 18 से बातचीत में प्रव्वल प्रताप सिंह ने बताया कि उनकी एकेडमी उत्तराखंड की एकमात्र रोबोटिक एकेडमी है. इसकी शुरुआत उन्होंने स्कूलों में रोबोटिक लैब से की थी लेकिन अब उन्होंने अपनी खुद की एकेडमी भी शुरू कर दी है. वह समर कैंप और विंटर कैंप में स्पेशल ऑफर के साथ बच्चों को कोचिंग देते हैं. यह कैंप 10-10 दिन के होते हैं, जिनकी फीस 250 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से होती है. उन्होंने कहा कि ऐसी ट्रेनिंग से बच्चों में मसल मेमोरी लर्निंग होती है. साथ ही बच्चे गैजेट्स से जुड़ी साइंस को भी समझने लगते हैं.

बच्चे खुद बना सकेंगे खुद के लिए टॉय

प्रव्वल ने बताया कि उनका उद्देश्य है कि जहां एक 6-7 साल का बच्चा मार्केट में इलेक्ट्रिक टॉय खरीदने की जिद करता है, वहीं वह उस बच्चे को अपना टॉय बनाना सिखाते हैं. रिमोट कार हों, वीडियो गेम्स हों या मोबाइल गेम्स, वह बच्चों को डेवलप करना सिखाते हैं, ताकि बच्चों का ध्यान तकनीकी शिक्षा की ओर जाए और वे फिर घर पर ही अपने टॉय खुद से बना सकें.

उत्तराखंड के स्कूलों में 80 से ज्यादा लैब

प्रव्वल कहते हैं कि उन्होंने एकेडमी दो साल पहले ही शुरू की है लेकिन वह पिछले सात सालों से उत्तराखंड के 80 से ज्यादा स्कूलों में अपनी रोबोटिक लैब्स लगा चुके हैं. इनमें वह स्कूलों को रोबोटिक किट्स और ट्रेनर मुहैया कराते हैं, जो बच्चों को रोबोटिक ट्रेनिंग देते हैं.

कैसे पहुंचे एमडी रोबोटिक?

राजधानी देहरादून में एमडी रोबोटिक का पूरा पता है- बी-10 सिल्वर सिटी, राजपुर रोड, देहरादून. यहां आप सिटी बस के माध्यम से डायरेक्ट पहुंच सकते हैं. यदि आप अपने वाहन से आ रहे हैं, तो सिल्वर सिटी परिसर में ग्राउंड फ्लोर बी-10 में यह एकेडमी है.

Tags: Dehradun news, Drone, Local18, Robot, Uttarakhand news

By admin

Leave a Reply