सपना पूरा करने के लिए छोड़ दी सरकारी नौकरी, बनाया अपना म्यूजिक बैंड


हिना आज़मी/ देहरादून.आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं. म्यूजिक भी उनसे अछूता नहीं रहा है. उत्तराखंड के देहरादून की रहने वाली महिलाओं के ‘वुमनिया बैंड’ के गिटार, ड्रम और गाने पर आज देशभर के लोग थिरकते नजर आते हैं. यह उत्तराखंड का इकलौता महिला म्यूजिक बैंड है, जिसे बनाने के लिए स्वाति सिंह ने सरकारी नौकरी छोड़ दी. स्वाति ने जानकारी दी कि उनकी माँ उत्तरा चौहान श्री नारायण डिग्री कॉलेज में संगीत की टीचर थीं और उन्होंने भी यहीं से ग्रेजुएशन किया. उनकी एक स्कूल में सरकारी नौकरी लग गई लेकिन उनका इस काम में मन नहीं लगा क्योंकि उनके मन में संगीत बसा हुआ था.

उन्होंने आगे कहा कि जब वह देखती थीं कि म्यूजिक बैंड में पुरुषों का ही वर्चस्व नजर आता है, महिलाएं सिर्फ गायिका के तौर पर काम करती हैं, इसलिए उन्होंने वुमनिया बैंड बनाया. उनके पास शाकुम्भरी कोटनाला म्यूजिक सीखने के लिए आती थीं. सलाह मशविरा करने के बाद उन्होंने यह फैसला लिया था. उन्होंने कहा कि उन्हें गढ़वाली गाने सुनना बहुत पसंद था, इसलिए वह अब अपने बैंड के माध्यम से दूसरे राज्यों में गढ़वाली गाने भी गाती हैं और लोगों के कानों में अपनी भाषा के शब्द पड़ते ही वे झूमने लगते हैं.

मां-बेटी भी करती हैं परफॉर्म
शाकुम्भरी कोटनाला और उनकी बेटी श्रीविद्या कोटनाला भी इस बैंड को खास बनाते हैं. शाकुम्भरी गिटार बजाती हैं, तो श्री ड्रम बजाती हैं. उनका कहना है कि वह बचपन से ही म्यूजिक में रुचि रखती थी लेकिन परिवार का सहयोग नहीं मिल पाया लेकिन उनकी शादी और बेटी होने के बाद जब वह वुमनिया बैंड का हिस्सा बनकर परफॉर्मेंस देती हैं, तो उनका सपना पूरा होता नजर आता है. श्री बताती हैं कि उन्हें डांस करना बहुत पसंद था और वह स्वाति के इंस्टिट्यूट में डांस ही सीखने आई थीं लेकिन बाद में उन्हें वुमनिया बैंड का हिस्सा बनने का मौका मिला और अपनी मां के साथ परफॉर्म करते हुए उन्हें भी बहुत अच्छा लगता है. उन्होंने बताया कि वह जब 9 साल की थी, तब इसकी शुरुआत की थी और पिछले 10 साल से वह इसमें जुड़ी हुई हैं. श्री बताती हैं प्रोग्राम के चलते उन्हें स्कूल से भी डांट पड़ती थी क्योंकि उनके कई बार एग्जाम छूट जाया करते थे, तो कई बार तो ऐसा होता था कि श्री को स्कूल यूनिफॉर्म में ही परफॉर्म करना पड़ता था.

कैसे करें संपर्क?
वुमनिया बैंड के इंस्टाग्राम अकाउंट Womeniya band पर जाकर आप ग्रुप से संपर्क कर सकते हैं. बुकिंग या अन्य जानकारी के लिए आप इस मोबाइल नंबर 7409038443 पर कॉल या व्हाट्सएप कर सकते हैं.

Tags: Local18, Music

By

Leave a Reply