हल्द्वानी के इस इंटर कॉलेज का शानदार इतिहास, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी रह चुके छात्र


पवन सिंह कुंवर/ हल्द्वानी. उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर को कुमाऊं का प्रवेश द्वार कहा जाता है. यहां कई ऐसे स्कूल हैं, जो करीब 100 से ज्यादा साल पुराने हैं. उन्हीं में से एक एमबी इंटर कॉलेज (MB Inter College Haldwani) भी है, जो 115 साल पुराना है. अभी इस कॉलेज में 470 छात्र पढ़ाई कर रहे हैं. यहां 24 टीचरों का स्टाफ है. यह शहर का सबसे पुराना स्कूल है. 13 अक्टूबर 1908 को एमबी इंटर कॉलेज की स्थापना हुई थी. इस इंटर कॉलेज से पढ़ाई किए हुए कई छात्र आज बड़े-बड़े पदों पर हैं. इस स्‍कूल ने देश को एक से बढ़कर एक डॉक्टर, शिक्षक, जज और नेता दिए हैं. वहीं देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह (Dr Manmohan Singh) भी इस स्कूल से पढ़ चुके हैं.

एमबी इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल डीके पंत ने ‘लोकल 18’ को बताया कि इस इंटर कॉलेज को 115 साल हो गए हैं. मैंने भी इसी विद्यालय से पढ़ाई की है. साल 1985 में मैंने यहां से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की और 1990 में मैं यहां भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता के रूप में जुड़ गया. मैं पिछले चार साल से एमबी इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल पद के दायित्व पर हूं. उन्होंने आगे बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी 8वीं और 9वीं कक्षा की पढ़ाई यहीं से की थी. यहां से पढ़ने वाले हजारों छात्र देश-विदेश में प्रतिष्ठित पदों पर कार्य कर रहे हैं या कर चुके हैं. रायपुर में कमिश्नर के पद पर तैनात अशोक पांडे भी इसी इंटर कॉलेज के छात्र रह चुके हैं. वहीं इरशाद हुसैन जो अभी वर्तमान में जज हैं, उन्होंने भी यहां से पढ़ाई की है. हल्द्वानी के मशहूर डॉक्टर जेएस खुराना, डॉ मनोज जोशी, डॉ अनिल अग्रवाल और डॉ पुनीत अग्रवाल भी इस स्कूल के छात्र रह चुके हैं. डीके पंत आगे कहते हैं कि ऐसे कई पूर्व छात्र हैं, जो डॉक्टर, इंजीनियर, जज, कमिश्नर जैसे बड़े-बड़े पदों पर आज अपनी सेवा दे रहे हैं.

1930 में मिली थी हाईस्कूल की मान्यता

प्रिंसिपल डीके पंत ने बताया कि 1930 में एमबी इंटर कॉलेज को हाईस्कूल की मान्यता मिली थी. वहीं इंटरमीडिएट की मान्यता इस कॉलेज को 1991 में मिली. हल्द्वानी के इस सबसे पुराने इंटर कॉलेज का शानदार इतिहास रहा है.

इंटर कॉलेज में शुरू हुई स्मार्ट क्लास

एमबी इंटर कॉलेज में अब स्मार्ट क्लास शुरू हो गई हैं. बच्चों को प्रोजेक्टर के माध्यम से पढ़ाया जा रहा है. साथ ही बच्चों के लिए स्कूल में कंप्यूटर भी लगाए गए हैं ताकि बच्चे ऑनलाइन भी पढ़ाई कर सकें.

Tags: Haldwani news, Local18, Uttarakhand news

By admin

Leave a Reply